हार्दिक को लेने में इन 7 टीमों के बीच मची होड़, 2 फ्रेंचाइजी ने फेरा मुंह; MI का छोड़ेंगे साथ?
एबीपी स्पोर्ट्स डेस्क July 02, 2026 09:12 AM

हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) पिछले तीन सीजन से मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर रहे हैं. उनकी कप्तानी में फ्रेंचाइजी क्रमश: 10वें, चौथे और 9वें पायदान पर रही. पिछले यानी 2026 आईपीएल के बाद से ही हार्दिक के मुंबई से अलग होने की चर्चा तेज है. कहा जा रहा है कि हार्दिक ट्रेड के जरिए किसी दूसरी टीम का दामन थाम सकते हैं. 

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, ट्रांसफर विंडो में हार्दिक को अपना बनाने के लिए एक या दो नहीं, 7 टीमों के बीच होड़ लग गई है. बाकी की बची सिर्फ दो टीमें हार्दिक को अपनाने में कोई दिलचस्पी नहीं ले रही हैं. 

हार्दिक को अपने साथ जोड़ने वाली फ्रेंचाइजी में चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स, गुजरात टाइटंस, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स शामिल है. रेस में सीएसके को सबसे आगे बताया जा रहा है, जिनका केकेआर से कड़ा मुकाबला है. 

हार्दिक में दिलचस्पी नहीं दिखाने वाली टीमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद हैं. फिलहाल हार्दिक के ट्रेड की कोई आधिकारिक खबर नहीं आई है. अब देखना दिलचस्प होगा क्या हार्दिक मुंबई का साथ छोड़कर किसी और टीम से जुड़ते हैं या नहीं. 2027 आईपीएल से पहले ऋषभ पंत बडे़ ट्रेड के जरिए पुरानी फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बन गए हैं. 

मुंबई इंडियंस से ही की थी IPL की शुरुआत 

हार्दिक ने 2015 में मुंबई इंडियंस के साथ ही आईपीएल की शुरुआत की थी. वह 2021 तक फ्रेंचाइजी से जुड़े रहे. 2022 में उन्होंने गुजरात टाइटंस का हाथ थामा और टीम की कमान संभाली. लेकिन सिर्फ 2 सीजन के बाद 2024 में हार्दिक मुंबई में वापस आ गए. हां, इस बार हार्दिक कप्तान के रूप में आए. उन्होंने फ्रेंचाइजी को 5 ट्रॉफी जिता चुके कप्तान रोहित शर्मा को रिप्लेस किया था. 

हार्दिक पांड्या का आईपीएल करियर 

नजर डालें हार्दिक के आईपीएल करियर पर, तो अब तक उन्होंने 162 मैच खेल लिए हैं. इन मैचों की 150 पारियों में बैटिंग करते हुए उनके बल्ले से 2955 रन निकले हैं, जिसमें 10 अर्धशतक शामिल है. इसके अलावा 116 पारियों में गेंदबाजी करते हुए हार्दिक ने 82 विकेट अपनी झोली में डाले. 

 

विराट कोहली के भतीजे आर्यवीर की ऑक्शन में लगी बोली, मिली बड़ी रकम; इस टीम ने खरीदा

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.