KCA Lifts 3 Years Ban On S Sreesanth: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज एस श्रीसंत से केरल क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) ने 3 साल का बैन हटा लिया है. श्रीसंत को सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के चलते 3 साल के लिए बैन किया गया था. टिप्पणी को लेकर क्रिकेट एसोसिएशन ने कहा था कि इससे उनकी बदनामी हुई थी.
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने बैन हटने की जानकारी दी. KCA के मुताबिक, श्रीसंत ने पहले तिरुवनंतपुरम के मुंसिफ कोर्ट में बैन को चुनौती दी थी, लेकिन उनकी याचिका रद्द हो गई थी. इसके बाद श्रीसंत ने केरल क्रिकेट एसोसिएशन के खिलाफ अपनी टिप्पणियों पर खेद जताते हुए बगैर किसी शर्त के आधिकारिक माफी मांगी थी.
1 जुलाई, 2026 को KCA की स्पेशल जनरल बॉडी मीटिंग में उनकी माफी पर विस्तार से चर्चा की गई. यह देखते हुए कि उन्होंने बिना किसी शर्त के माफी मांगी, जिसके बाद मीटिंग में सर्वसम्मति से बैन हटाने का फैसला लिया. इसके साथ क्रिकेट एसोसिएशन ने श्रीसंत को दोबारा ऐसी गलती न होने की चेतावनी भी दी.
जहां तक बात क्रिकेट में वापसी को लेकर है, तो श्रीसंत पहले ही संन्यास ले चुके हैं. वहीं, यह बैन उनकी वापसी से जुड़ा हुआ भी नहीं था. हालांकि यह जरूर है कि बैन हटने से श्रीसंत केरल क्रिकेट लीग के सीजन 3 में एरीज कोल्लम सेलर्स फ्रेंचाइजी के सह-मालिक के रूप में काम जारी रख पाएंगे.
भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलने वाले एस श्रीसंत ने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर में 27 टेस्ट, 53 वनडे और 10 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल लिए हैं. टेस्ट की 50 पारियों में गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 37.59 की औसत से 87 विकेट लिए, जिसमें मैच बेस्ट फिगर 8/99 का रहा. वनडे की 52 पारियों में श्रीसंत ने 33.44 की औसत से 75 विकेट लिए, जिसमें मैच बेस्ट फिगर 6/55 का रहा. बाकी टी20 इंटरनेशनल की 9 पारियों में गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 7 विकेट अपनी झोली में डाले, जिसमें बेस्ट फिगर 2/12 का रहा. श्रीसंत ने 2005 से 2011 के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट खेला.