Portugal vs Croatia, FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 सांसें रोक देने वाले राउंड ऑफ 32 मुकाबले में पुर्तगाल ने क्रोएशिया को 2-1 से शिकस्त देकर प्री-क्वार्टर फाइनल यानी राउंड ऑफ 16 में एंट्री कर ली है. टोरंटो में खेले गए इस कड़े मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली. वहीं, पुर्तगाल के महानायक क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इस मैच में एक लंबा इंतजार खत्म करते हुए अपने वर्ल्ड कप करियर का एक ऐतिहासिक गोल दागा, जिसने पुर्तगाल की जीत की राह आसान की.
क्रोएशिया की बढ़त के बाद रोनाल्डो का पलटवारग्रुप स्टेज में दोनों ही टीमों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, लेकिन नॉकआउट के इस महामुकाबले में दोनों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी. पहला हाफ में कोई गोल ना आने के बाद दूसरे हाफ में खेल का रोमांच चरम पर पहुंच गया. मैच के 53वें मिनट में क्रोएशिया के अनुभवी खिलाड़ी इवान पेरिसिच ने एक नीचा और सटीक शॉट लगाते हुए गेंद को नेट में डाल दिया और क्रोएशिया को 1-0 की अहम बढ़त दिला दी.
गोल खाने के बाद पुर्तगाल ने हमले तेज किए. 68वें मिनट में क्रोएशिया के व्लासिच ने बॉक्स के अंदर पुर्तगाल के वेइगा को फाउल कर दिया, जिस पर रेफरी ने तुरंत पेनाल्टी का इशारा किया. स्टार स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इस सुनहरे मौके को गोल में बदलते हुए पुर्तगाल को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया.यह गोल रोनाल्डो के करियर के लिए काफी खास रहा, क्योंकि यह उनके पूरे फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में नॉकआउट स्टेज में किया गया पहला गोल है. रोनाल्डो ने अपने करियर का पहला वर्ल्ड कप साल 2006 में खेला था और इस बार वो छठी बार टूर्नामेंट में उतरे हैं, जानी उनको पहला नॉकआउट गोल करने के लिए पूरे 20 साल का इंतजार करना पड़ा.
एक्स्ट्रा टाइम का महा-ड्रामामैच के 81वें मिनट में पुर्तगाल के कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने एक बड़ा और साहसी फैसला लेते हुए क्रिस्टियानो रोनाल्डो को मैदान से बाहर बुला लिया. कोच की यह रणनीति एक्स्ट्रा टाइम में पूरी तरह मास्टरस्ट्रोक साबित हुई. मैच के 94वें मिनट में राफेल लियाओ ने विंग से एक बेहतरीन क्रॉस बॉक्स के अंदर भेजा, जिस पर विकल्प के तौर पर आए गोंसालो रामोस ने हवा में ऊंची छलांग लगाते हुए एक शानदार हेडर दागा और पुर्तगाल को 2-1 की बढ़त दिला दी.
मैच खत्म होने की कगार पर था, तभी एक्स्ट्रा टाइम के इंजरी टाइम के 13वें मिनट (103वें मिनट) में क्रोएशिया ने एक सनसनीखेज गोल दागकर बराबरी का जश्न मनाना शुरू कर दिया. लेकिन क्रोएशियाई फैंस की खुशियां ज्यादा देर नहीं टिकीं, क्योंकि रेफरी ने वीडियो रिव्यू के बाद उस गोल को ऑफसाइड करार देकर खारिज कर दिया. इस बड़े फैसले के पुर्तगाल की टीम 2-1 से बाजी मारने में कामयाब रही. इस जीत के साथ ही पुर्तगाल का सामना अब ‘राउंड ऑफ 16’ में चिर-प्रतिद्वंद्वी स्पेन से होगा, जिसने राउंड ऑफ 32 के अपने मुकाबले में ऑस्ट्रिया को 3-0 से मात दी थी.