इराक में भ्रष्टाचार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई देखने को मिली. प्रधानमंत्री अली अल जैदी के आदेश पर सुरक्षा बलों ने राजधानी बगदाद में देर रात कई जगह छापेमारी की. इस दौरान सांसदों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों समेत 47 लोगों को हिरासत में लिया गया. सरकार का कहना है कि यह अभियान भ्रष्टाचार के नेटवर्क पर कार्रवाई के लिए शुरू किया गया है.
ग्रीन जोन में देर रात चली कार्रवाईरॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, इराकी सुरक्षा बलों ने रविवार तडके राजधानी बगदाद के हाई सिक्योरिटी वाले ग्रीन जोन में कई घरों पर छापेमारी की. इस अभियान को देश की एलीट काउंटर टेररिज्म सर्विस ने अंजाम दिया. सरकारी समाचार एजेंसी आईएनए ने एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया कि इस कार्रवाई में सांसदों और सरकारी अधिकारियों समेत 47 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया. कानूनी और सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई अदालत से जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर की गई.
प्रधानमंत्री के आदेश पर भ्रष्टाचार के नेटवर्क पर शिकंजामई में पद संभालने वाले प्रधानमंत्री अली अल जैदी ने सरकार की जिम्मेदारी संभालते ही भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा किया था. सरकार के प्रवक्ता हैदर अल अबूदी ने कहा कि यह अभियान सीधे प्रधानमंत्री के आदेश पर शुरू किया गया और इसका मकसद सरकारी संस्थानों को मजबूत करना तथा सार्वजनिक धन की सुरक्षा करना है. आईएनए के मुताबिक, रिफाइनिंग मामलों के उप तेल मंत्री अदनान अल जुमैली की गिरफ्तारी के बाद उनके बयान के आधार पर कई अन्य अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई.
उप तेल मंत्री भी हिरासत में, कुछ संदिग्ध फरारसूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों में वितरण मामलों के उप तेल मंत्री अली मारिज भी शामिल हैं. अमेरिका ने मई में उन पर इराकी तेल को ईरान और ईरान समर्थित समूहों के फायदे के लिए मोडने तथा फर्जी दस्तावेजों के जरिये ईरानी कच्चे तेल को इराकी तेल के साथ मिलाकर निर्यात कराने का आरोप लगाते हुए प्रतिबंध लगाए थे. हालांकि उस समय इराक के तेल मंत्रालय ने इन आरोपों से इनकार किया था. सूत्रों के अनुसार, कुछ संदिग्ध सुरक्षा बलों के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए, जिसके बाद ग्रीन जोन के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए और उनकी तलाश तेज कर दी गई. सरकार का कहना है कि यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें: इथेनॉल ब्लेंडिंग से गन्ना किसानों की कमाई कितनी बढ़ी? E20 से E30 तक का पूरा गणित