जिम में लोग आमतौर पर अपनी सेहत सुधारने, वजन कम करने और फिट रहने के इरादे से जाते हैं. लेकिन चीन से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. यहां एक युवक को उसकी फिटनेस या व्यवहार की वजह से नहीं, बल्कि शरीर से आने वाली तेज गंध के कारण जिम छोड़ने के लिए कहा गया. सबसे हैरानी वाली बात यह रही कि जिम ने उसकी सदस्यता खत्म करने के साथ-साथ बची हुई मेंबरशिप की पूरी फीस भी वापस कर दी. अब यह अजीबोगरीब घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है और लोग इस पर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं.
मामला चीन के हांगझोउ शहर का बताया जा रहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शी नाम के एक व्यक्ति ने साल 2025 में लगभग तीन साल की जिम मेंबरशिप खरीदी थी. शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा और वह नियमित रूप से एक्सरसाइज करने जिम जाते रहे. लेकिन कुछ महीनों बाद उन्हें जिम मैनेजमेंट की ओर से एक मैसेज मिला, जिसमें बताया गया कि उनकी मेंबरशिप खत्म की जा रही है. इसकी वजह यह बताई गई कि दूसरे सदस्य लगातार उनके शरीर से आने वाली तेज गंध की शिकायत कर रहे थे, जिससे उन्हें असुविधा महसूस हो रही थी.
क्या कहा मैनेजमेंट ने?जिम मैनेजमेंट का कहना था कि उन्होंने ये फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया. पहले कई बार स्थिति को संभालने की कोशिश की गई. स्टाफ ने शी से बात भी की और उन्हें ऐसे समय में आने की सलाह दी, जब जिम में ज्यादा भीड़ न हो. इसके अलावा उन्हें कोने वाली मशीनों का इस्तेमाल करने के लिए भी कहा गया, ताकि दूसरे लोगों को कम परेशानी हो. लेकिन इन कोशिशों के बावजूद शिकायतें लगातार आती रहीं. आखिरकार जिम ने उनकी सदस्यता खत्म करने का फैसला लिया और बची हुई अवधि की पूरी फीस उन्हें लौटा दी.
जिम के कर्मचारियों के मुताबिक, शी वर्कआउट के दौरान नॉर्मल लोगों की तुलना में काफी ज्यादा पसीना बहाते थे. इसी वजह से उनके आसपास तेज गंध फैल जाती थी. कई सदस्य उनके इस्तेमाल के तुरंत बाद मशीनों का उपयोग करने से बचते थे. कुछ लोग तो उनके पास वाली ट्रेडमिल पर दौड़ने से भी कतराते थे. धीरे-धीरे यह समस्या इतनी बढ़ गई कि कई लोगों ने सीधे जिम प्रबंधन से शिकायत करना शुरू कर दिया.
क्या कहा शी ने?दूसरी तरफ, शी का कहना है कि उन्होंने हमेशा दूसरों का ध्यान रखने की कोशिश की. उन्होंने बताया कि करीब दस साल पहले उन्होंने अपनी मेहनत से लगभग 45 किलो वजन कम किया था. उसी समय से फिटनेस उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा बन गई. आज भी वह हफ्ते में करीब पांच दिन नियमित रूप से जिम जाकर एक्सरसाइज करते हैं. उनका कहना है कि उन्हें पहले से पता था कि उन्हें ज्यादा पसीना आता है, इसलिए वह हमेशा अपने साथ कई तौलिये लेकर जाते थे.
शी ने यह भी बताया कि हर एक्सरसाइज के बाद वह मशीनों को अच्छी तरह साफ करते थे ताकि उनके बाद आने वाले लोगों को किसी तरह की दिक्कत न हो. वह अपनी तरफ से पूरी कोशिश करते थे कि सफाई बनी रहे और किसी को असुविधा महसूस न हो. इसके बावजूद उन्हें यह सुनकर झटका लगा कि उनकी सदस्यता रद्द की जा रही है. उनका कहना है कि उन्होंने कभी जानबूझकर किसी को परेशान नहीं किया और हमेशा जिम के नियमों का पालन किया.
यह भी पढ़ें: OMG!90 हजार की सैलरी, फिर भी नहीं बचा पैसा, जानिए कैसे तैयार किया खुद के लिए कर्ज का जाल
इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों के बीच बहस छिड़ गई. कुछ लोगों का मानना है कि अगर किसी व्यक्ति के शरीर से लगातार इतनी तेज गंध आती है कि दूसरे सदस्य असहज महसूस करें, तो जिम प्रबंधन के लिए सभी ग्राहकों की सुविधा का ध्यान रखना भी जरूरी है. उनके मुताबिक, अगर बार-बार शिकायतें मिल रही थीं और समस्या का कोई समाधान नहीं निकल रहा था, तो जिम का फैसला गलत नहीं कहा जा सकता.