Amarnath Yatra 2026: अमरनाथ यात्रा के दौरान एक श्रद्धालु की सांप काटने से मौत हो गई. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर स्थित कृष्णा नगर निवासी 42 वर्षीय अमित कुमार के रूप में हुई है. श्रद्धालु को जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास के पास सोते समय सांप ने काट लिया था. इलाज के लिए उन्हें तत्काल सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMC) जम्मू ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बज सकी.
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे हुई. अमित कुमार अपने साथियों के साथ अमरनाथ यात्रा पर आए थे और भगवती नगर स्थित मुख्य यात्री निवास के पास फुटपाथ पर आराम कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें सांप ने काट लिया. साथ मौजूद श्रद्धालुओं ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया.
कुछ ही देर में हो गई मौतअस्पताल सूत्रों के मुताबिक, इलाज के दौरान अमित कुमार की हालत लगातार बिगड़ती गई और कुछ ही समय बाद उन्होंने दम तोड़ दिया. सरकारी मेडिकल कॉलेज जम्मू के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. वीरेंद्र त्रिशाल ने श्रद्धालु की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि अस्पताल में सांप के काटने का मामला लाया गया था. चिकित्सकों ने उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
साथ आए श्रद्धालु को सौंपा गया शवमृतक के साथ यात्रा कर रहे उनके मित्र राजेश शुक्ला और अन्य तीर्थयात्री पूरे समय अस्पताल में मौजूद रहे. सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शाम करीब पांच बजे अमित कुमार का शव उनके साथ आए तीर्थयात्रियों को सौंप दिया गया.
शव को पोस्टमार्टम के बाद सौंप दिया गया. इस घटना से अमरनाथ यात्रा पर आए श्रद्धालुओं में शोक की लहर है. प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा के दौरान सतर्क रहने, निर्धारित स्थानों पर ही ठहरने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करने की अपील की है.
ये भी पढ़ें – त्र्यंबकेश्वर मंदिर के कपाट बंद, नासिक में रेड अलर्ट, स्कूल-कॉलेज बंद