कनाडा से एक बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है, जहां पंजाब से कनाडा गए दो युवकों की मॉन्ट्रियल शहर की एक नहर में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. दोनों मृतकों की पहचान पंजाब के ज़िला बरनाला के तपा मंडी निवासी 26 वर्षीय लवप्रीत सिंह और दूसरे युवक के रूप में अमृतसर साहिब ज़िले के नौरंगपुर के गांव बुताला निवासी युवक के तौर पर हुई है.
घटना उस समय की बताई जा रही है, जब दोनों कनाडा के मॉन्ट्रियल शहर की लाचीन नहर में थे. इसी दौरान लवप्रीत सिंह के दोस्त का अचानक पैर फिसल गया. जब लवप्रीत सिंह को इसका पता चला, तो वह अपने दोस्त को बचाने के लिए नहर में कूद गया. हालांकि, दोस्त को बचाने की कोशिश में लवप्रीत सिंह भी नहर में डूब गया.
घटना की सूचना मिलते ही कनाडा प्रशासन ने दोनों युवकों की तलाश शुरू की. कई घंटों की कड़ी मशक्कत और आधी रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों को नहर से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने ज़िला बरनाला के तपा मंडी निवासी 26 वर्षीय लवप्रीत सिंह, पुत्र पूर्व सैनिक बलवीर सिंह, के पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है. परिवार का इकलौता बेटा लवप्रीत सिंह करीब ढाई वर्ष पहले वर्क परमिट पर कनाडा के मॉन्ट्रियल शहर गया था, जहां वह एक कंपनी में ट्राला ड्राइवर के रूप में कार्य कर रहा था.
अधूरे रह गए माता-पिता के सपने12वीं कक्षा पास करने के बाद लवप्रीत सिंह अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने के लिए कनाडा गया था. बेटे को विदेश भेजने के लिए उसके पिता, पूर्व सैनिक बलवीर सिंह ने अपनी ढाई एकड़ जमीन बेच दी थी. परिवार को उम्मीद थी कि बेटा विदेश में नौकरी कर परिवार का भविष्य संवार देगा, लेकिन इस हादसे ने उनके सभी सपनों को तोड़ दिया.
इकलौते बेटे की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है. रोते-बिलखते माता-पिता और उसकी इकलौती बहन लगातार उसे याद कर रहे हैं. बताया गया कि लवप्रीत सिंह ने करीब 10 दिन पहले ही अपने परिवार से आखिरी बार बातचीत की थी.
इस मौके पर मृतक लवप्रीत सिंह के माता-पिता ने केंद्र सरकार, पंजाब सरकार, विदेश में रह रहे एनआरआई और समाजसेवियों से मदद की अपील की है. उन्होंने कहा कि उनके इकलौते बेटे के शव को कनाडा से पंजाब के तपा मंडी लाने में सहयोग किया जाए, ताकि धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उसका अंतिम संस्कार किया जा सके.
ढाई एकड़ जमीन पहले ही बिक चुकीपरिवार में अब लवप्रीत सिंह के माता-पिता और उसकी इकलौती बहन ही रह गए हैं. बेटे को कनाडा भेजने के लिए पिता की करीब ढाई एकड़ जमीन पहले ही बिक चुकी है. अब परिवार आर्थिक और मानसिक दोनों तरह के संकट का सामना कर रहा है.
मृतक लवप्रीत सिंह के पिता पूर्व सैनिक बलवीर सिंह, सीआरपीएफ (CRPF) में अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
कनाडा की नहर में डूबने वाले दूसरे युवक का पूरा नाम स्पष्ट नहीं हो सका है. बताया जा रहा है कि वह पिता सुखराज सिंह और माता जसवंत कौर का बेटा था तथा अमृतसर साहिब ज़िले के नौरंगपुर के गांव बुताला का निवासी था.
इस दुखद घटना पर शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के ज़िला अध्यक्ष दर्शन सिंह मंडेर ने परिवार के प्रति शोक व्यक्त किया. उन्होंने लवप्रीत सिंह के पार्थिव शरीर को पंजाब लाने में हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया.
रिपोर्ट- प्रदीप कुमार बटाला, बरनाला