टीवी के पॉपुलर शोज़ के अपकमिंग एपिसोड्स में जबरदस्त ट्विस्ट और हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिलेगा. कहीं रिश्तों की सच्चाई सामने आएगी, तो कहीं नई साजिशें और बड़े फैसले कहानी में नया मोड़ लाएंगे. आइए जानते हैं 5 टीवी शोज़ के अपकमिंग एपिसोड्स में क्या कुछ खास होने वाला है.
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2'
स्मृति ईरानी के पॉपुलर शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के अपकमिंग एपिसोड में हाई-वोल्टेज फैमिली ड्रामा देखने को मिलेगा. पार्थ की मौत का इल्जाम अपने सिर लेकर 10 साल जेल की सजा काटने के बाद तुलसी विरानी आखिरकार शांति निकेतन लौट चुकी है. हालांकि, घर लौटते ही उसे एहसास होता है कि जिस परिवार को बचाने के लिए उसने सब कुछ कुर्बान किया था, वो अब पूरी तरह बिखर चुका है. तुलसी को सबसे बड़ा झटका तब लगता है, जब करण विरानी उसे अपनी मां मानने से इनकार कर देता है और उसे दोबारा परिवार का हिस्सा बनाने के लिए तैयार नहीं होता.
'तुम से तुम तक'
जी5 के लोकप्रिय शो 'तुम से तुम तक' के आने वाले एपिसोड में अनु की बेचैनी बढ़ती नजर आएगी. उसे बार-बार ऐसा महसूस होगा कि कोई उसका पीछा कर रहा है. झंडे की चेतावनी के बाद आर्यवर्धन का बदला हुआ व्यवहार भी अनु को उलझन और डर में डाल देगा. वहीं, अनु रहस्यमयी कॉल्स और राजनंदिनी के अतीत से जुड़े राज जानने की कोशिश करेगी. दूसरी ओर, झंडे हर हाल में इस सच्चाई को अनु तक पहुंचने से रोकना चाहता है. ऐसे में आने वाला एपिसोड सस्पेंस और बड़े खुलासों की ओर इशारा करेगा.
'अनुपमा'
रुपाली गांगुली के पॉपुलर शो 'अनुपमा' के अपकमिंग एपिसोड में अंश और प्रेरणा की शादी के बीच जबरदस्त ड्रामा देखने को मिलेगा. प्रेम और राही का सच आखिरकार सबके सामने आ जाएगा. सभी को पता चल जाएगा कि रसोई से अनुपमा की रेसिपी वाली डायरी प्रेम ने चुराई थी, जिसके बाद परिवार के लोग उसे जमकर खरी-खोटी सुनाएंगे. प्रेम की इस हरकत से अनुपमा को बड़ा झटका लगेगा और वो पूरी तरह हैरान रह जाएगी. वहीं दूसरी ओर, 40 लाख रुपये के लालच में पारितोष, श्रुति को ब्लैकमेल करने की कोशिश करेगा. हालांकि, श्रुति भी चुप नहीं बैठेगी और गुस्से में उसे अहमदाबाद से गायब कर देने और जान से मारने तक की धमकी दे डालेगी.
'गंगा माई की बेटियां'
जी5 के शो 'गंगा माई की बेटियां' के आने वाले एपिसोड में बड़ा ड्रामा देखने को मिलेगा. घर में किसी पुरुष के न होने का फायदा उठाकर एक शख्स सहाना के करीब आने की कोशिश करेगा. वो उसकी मदद का दिखावा करेगा, लेकिन उसकी नीयत गलत होगी. वहीं दूसरी ओर, गंगा माई ने नया बिजनेस शुरू करने के लिए 15 किलो मावा तैयार करने की योजना बनाई थी, लेकिन अचानक पूरा दूध फट जाता है. इससे उनकी सारी मेहनत बेकार हो जाती है और गंगा माई अपनी बेटियों के साथ चिंता में पड़ जाती हैं कि अब अपने नए कारोबार की शुरुआत कैसे करें.
'वसुधा'
जी5 के लोकप्रिय शो 'वसुधा' के अपकमिंग एपिसोड में नया मोड़ देखने को मिलेगा. वसुधा के नए कारखाने के सभी कानूनी कागजात तैयार हो चुके हैं. इस खुशी में वो अगले दिन विशेष पूजा का आयोजन करती है और चाहती है कि इसका शुभारंभ चंद्रिका सिंह चौहान के हाथों हो. जब वसुधा अपनी इच्छा चंद्रिका के सामने रखती है, तो वो खुशी-खुशी पूजा में शामिल होने के लिए हामी भर देती हैं. हालांकि, जहां एक ओर पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं परिवार का एक सदस्य मन ही मन इस शुभ अवसर में बड़ा विघ्न डालने की योजना बना रहा है. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि पूजा शांतिपूर्वक संपन्न होती है या नहीं.