आदिल रशीद के नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि, टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक विकेट लेने वाले बने दूसरे गेंदबाज
Indias News Hindi July 08, 2026 11:42 AM

नॉर्टिंघम, 8 जुलाई . इंग्लैंड ने तीसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में India को 125 रनों से करारी शिकस्त दी. मेजबान टीम की यादगार जीत में आदिल रशीद ने भी गेंद से अहम भूमिका निभाई और दो विकेट चटकाए. रशीद ने इस मुकाबले में बड़ी उपलब्धि को भी अपने नाम कर लिया है.

आदिल रशीद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गए हैं. उन्होंने तीसरे टी20 में 2 विकेट लेने के साथ ही न्यूजीलैंड के स्पिन गेंदबाज ईश सोढ़ी को पीछे छोड़ दिया है. रशीद टी20 इंटरनेशनल में 166 विकेट चटका चुके हैं, जबकि सोढ़ी ने 165 विकेट निकाले हैं. इस लिस्ट में पहले नंबर पर अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान का नाम है, जो क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 193 विकेट अपने नाम कर चुके हैं. 164 विकेट के साथ न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टिम साउदी तीसरे और श्रीलंका के स्पिनर वानिंदु हसरंगा 161 विकेट के साथ चौथे नंबर पर काबिज हैं.

इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 201 रन बनाए. फिल साल्ट ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 44 गेंदों में 70 रनों की दमदार पारी खेली. वहीं, जोस बटलर ने 21 गेंदों में 36 रनों का योगदान दिया. अंत के ओवरों में सैम करन ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए महज 24 गेंदों में 41 रनों की तेज तर्रार पारी खेली.

हालांकि, इसके जवाब में India की पूरी टीम 11.4 ओवर में सिर्फ 76 रन बनाकर ऑलआउट हुई. टीम के सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक पार नहीं कर सके. इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में जोश टंग ने 28 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि जोफ्रा आर्चर ने 29 रन देकर 3 विकेट निकाले. वहीं, आदिल रशीद ने 14 रन खर्च करके 2 विकेट झटके. India को रनों के लिहाज से टी20 इंटरनेशनल में अपनी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा है. जीत के साथ ही इंग्लैंड ने पांच मुकाबलों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है.

एसएम/एएस

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.