चौथा टी20: भारत के लिए हर हाल में जीत जरूरी, सीरीज अपने नाम करना इंग्लैंड का मकसद
Indias News Hindi July 08, 2026 09:42 PM

ब्रिस्टल, 8 जुलाई . India और इंग्लैंड के बीच Thursday को काउंटी ग्राउंड पर टी20 सीरीज का चौथा मैच खेला जाएगा. टीम इंडिया सीरीज में 0-2 से पीछे है. ऐसे में सीरीज में बने रहने के लिए उसे हर हाल में यह मुकाबला अपने नाम करना होगा.

दोनों देशों के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा था. इसके बाद अगले मुकाबले में टीम इंडिया को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. सीरीज के तीसरे मैच में इंग्लैंड ने 125 रन से बड़ी जीत दर्ज की थी, जो इस फॉर्मेट में India की सबसे बड़ी हार है. अब इंग्लैंड इस सीरीज को गंवा नहीं सकता. हालांकि, India के पास इसे 2-2 से ड्रॉ करवाने का मौका होगा.

इस दौरे पर इंग्लैंड की तेज और उछाल भरी गेंदों का सामना करने में भारतीय बल्लेबाजों को मुश्किल हो रही है. अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि क्या भारतीय टीम मैनेजमेंट इस खराब प्रदर्शन को रोकने के लिए कोई बदलाव करेगा?

सबसे ज्यादा चर्चा संजू सैमसन को लेकर हो रही है, जिन्हें युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के लिए टीम से बाहर बैठना पड़ा था. अब India के सामने यह तय करने की चुनौती है कि क्या टॉप ऑर्डर का संतुलन बिगाड़े बिना अनुभवी बल्लेबाज को वापस लाया जाए.

मिडिल ऑर्डर भी स्थिरता देने में नाकाम रहा है, जबकि India की गेंदबाजी में अहम मौकों पर धार की कमी नजर आई है. स्पिनर्स से मिडिल ओवर्स में खेल पर पकड़ बनाने की उम्मीद थी, लेकिन वे लगातार दबाव बनाने में नाकाम रहे, जिससे तेज गेंदबाजों पर ज्यादा जिम्मेदारी आ गई.

दूसरी तरफ, इंग्लैंड के पास उस कॉम्बिनेशन को बदलने की कोई खास वजह नहीं है जिसने हर विभाग में बेहतरीन प्रदर्शन किया है. फिल सॉल्ट की फॉर्म में वापसी से बल्लेबाजी मजबूत हुई है, जबकि जोफ्रा आर्चर और जोश टंग की तेज गेंदबाजों की जोड़ी ने अपनी गति और मूवमेंट से लगातार India के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त किया है.

नव नियुक्त कप्तान श्रेयस अय्यर ने आयरलैंड के दौरे से लेकर अब तक सभी 5 मुकाबलों में टॉस जीते, लेकिन देश को मैच नहीं जिता सके हैं. वह बतौर कप्तान पहली जीत दर्ज करने का इंतजार कर रहे हैं. उन्हें अपने खिलाड़ियों में जोश भरना होगा. यहां से India की एक ओर हार का मतलब इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज गंवाना होगा, जिसके साथ India के टीम चयन और रणनीतिक फैसलों पर सवाल उठेंगे.

भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा, सूर्यांश शेडगे, वाशिंगटन सुंदर.

इंग्लैंड की टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, जोश टोंग, जॉर्डन कॉक्स, सोनी बेकर, ल्यूक वुड, साकिब महमूद, रेहान अहमद, जेम्स कोल्स.

आरएसजी

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.