अजब MP का गजब घोटाला! वेयरहाउस पहुंचने से पहले गायब हो गया 86000 क्विंटल गेहूं
TV9 Bharatvarsh July 08, 2026 09:43 PM

Bhopal News: कभी जमीन से अस्पताल गायब, कभी कागज पर तालाब निर्माण और अब अजब मध्य प्रदेश में एक और गजब कारनामा हो गया. किसानों से खरीदा गया गेहूं वेयरहाउस पहुंचते-पहुंचते गायब हो गया. दरअसल, एमपी में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के बाद अब एक बड़े घोटाले का मामला सामने आया है. आरोप है कि उपार्जन केंद्रों से वेयरहाउस तक पहुंचने से पहले ही करीब 86 हजार क्विंटल गेहूं गायब हो गया. मामला प्रदेश के 16 जिलों से जुड़ा है. सरकार ने जांच के आदेश दे दिए हैं. वहीं विपक्ष ने इसे जनता के पैसे की लूट बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.

बता दें कि सरकार किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदती है और उसे वेयरहाउस तक पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की होती है, लेकिन इस बार रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक के बीच बड़ा अंतर सामने आया है. शुरुआती जांच में पता चला है कि करीब 86 हजार क्विंटल गेहूं वेयरहाउस तक पहुंचने से पहले ही गायब हो गया. सबसे ज्यादा 14 हजार क्विंटल गेहूं खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के गृह जिले सागर से गायब होने की बात सामने आई है. मामला सामने आने के बाद खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने जांच शुरू कर दी है.

ये भी पढे़ं- Indore Viral Video: इंदौर की फिल्मी शादी; जब मंडप बना तालाब, तो दुल्हन को गोद में उठाकर दूल्हे ने पार की हर मुश्किल!

23 करोड़ का गेहूं गायब, 86 हजार क्विंटल गोदाम नहीं पहुंचा

जिलेवार आंकड़े (क्विंटल में)…

  • सागर- 14,000
  • जबलपुर- 13,000
  • नर्मदापुरम- 7,300
  • विदिशा- 6,300
  • सतना- 5,000
  • आगर-मालवा- 4,700
  • उज्जैन- 3,600
  • राजगढ़- 3,000
  • शाजापुर- 3,000
  • रीवा- 2,800
  • रायसेन- 2,300
  • सिवनी- 2,000
  • अशोकनगर- 1,500

सबसे ज्यादा गेहूं खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के गृह जिले सागर जिले से गायब हुआ है. विभाग के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा है कि पूरे प्रदेश भर में जिला कलेक्टर अपने-अपने जिलों में इसको लेकर जांच कर रहे हैं. अगर गड़बड़ी सामने आती है तो जिम्मेदारों से वसूली की जाएगी और सख्त कार्रवाई होगी.

ये भी पढ़ें- बगलामुखी मंदिर में भी चढ़ावा चोरी का आरोप, अपने ही खातों में ले रहे थे दान बैठ गई जांच

वहीं इस मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि हजारों टन गेहूं ट्रकों से गायब हो गया और सरकार जवाब देने से बच रही है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यह किसानों और जनता के पैसे से जुड़ा मामला है. इसलिए सरकार को बताना होगा कि आखिर गेहूं कहां गया?

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.