विराट कोहली से क्या सीखना चाहते हैं नोवाक जोकोविच? खुद शेयर किया ये खास पोस्ट
TV9 Bharatvarsh July 09, 2026 02:43 AM

Novak Djokovic on Virat Kohli: खेल जगत के दो अलग-अलग छोर पर राज करने वाले दो महान एथलीटों के बीच का आपसी सम्मान अकसर फैंस का दिल जीत लेता है. ऐसा ही एक दिलचस्प नजारा तब देखने को मिला जब टेनिस की दुनिया के बेताज बादशाह, सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने भारतीय क्रिकेट के दिग्गज विराट कोहली की जमकर तारीफ की. जोकोविच ने न सिर्फ कोहली को एक ग्लोबल स्टार बताया, बल्कि क्रिकेट के इस सुपरस्टार से खेल की एक खास कला सीखने की इच्छा भी जता दी. जोकोविच के इस बयान को खुद विंबलडन ने अपने आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर इसे शेयर किया, जिसे बाद में नोवाक जोकोविच ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी री-शेयर किया.

कोहली से क्या सीखना चाहते हैं नोवाक जोकोविच?

विंबलडन की ओर से जारी किए गए बयान में नोवाक जोकोविच ने विराट कोहली के लिए अपना गहरा सम्मान व्यक्त किया. जोकोविच ने कहा, ‘विराट कोहली एक सच्चे ग्लोबल स्टार हैं, खासकर भारत में. मैं पिछले 10-15 सालों से खेल के बारे में बहुत कुछ सीख रहा हूं. मुझे अभी भी अपने खेल से जुड़ी स्किल्स पर काम करने की जरूरत है, इसलिए शायद विराट मेरी स्विंग की तकनीक पर मदद कर सके. मेरे दिल में उनके लिए बहुत सम्मान और प्रशंसा है.’

नोवाक जोकोविच की इंस्टाग्राम स्टोरी.

विराट कोहली भी कई मौकों पर नोवाक जोकोविच की खेल भावना, उनकी फिटनेस और मानसिक मजबूती की तारीफ करते नजर आए हैं. कोहली ने जोकोविच के साथ अपने रिश्ते पर बात करते हुए कहा, ‘मैं पिछले कुछ समय से नोवाक जोकोविच के लगातार संपर्क में हूं. हम दोनों अकसर मैसेज के जरिए एक-दूसरे से बातचीत करते हैं. वह बहुत दयालु इंसान हैं. दुनिया के अब तक के सबसे महानतम खिलाड़ियों में नोवाक का नाम हमेशा सम्मान के साथ मौजूद रहेगा.’

विराट कोहली की इंस्टाग्राम स्टोरी.

विराट कोहली से मिलने की इच्छा

नोवाक जोकोविच की ख्वाहिश विराट कोहली से मिलने की भी है. हाल ही में जियोस्टार से बात करते हुए जोकोविच ने कहा, ‘मुझे विराट कोहली के साथ कुछ क्रिकेट और टेनिस खेलना अच्छा लगेगा. मैं जल्द ही इंडिया आने का प्लान बना रहा हूं और हम इस बारे में बात कर रहे हैं. मैं चाहूंगा कि वह मेरे होस्ट बनें और मुझे घुमाएं. मैं उनकी और इंडियन क्रिकेट की बहुत इज्जत करता हूं। सर्बिया में क्रिकेट इतना बड़ा नहीं है, जहां से मैं आता हूं, लेकिन मेरी टीम में कुछ लोग ब्रिटिश हैं और उन्हें क्रिकेट पसंद है.’

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.