ऋतिक रोशन के साथ बिजनेस पार्टनर बनने का मौका, Cult.fit ला रहा है 4000 करोड़ का मेगा IPO
अरिजीता सेन July 09, 2026 04:12 AM
Cult.Fit IPO: देश की बड़ी फिटनेस और वेलनेस कंपनी Cult.fit अपना आईपीओ लाने जा रही है. इसके लिए कंपनी ने सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (Sebi) के पास ड्राफ्ट पेपर भी जमा किए हैं. आईपीओ का साइज 4000 रुपये तक होने का अनुमान है. इस ऑफर में 950 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे और ऑफर-फॉर-सेल (OFS) विंडो के तहत मौजूदा निवेशकों अपनी हिस्सेदारी भी बेचेंगे.
कौन-कौन बेच रहे अपना शेयर?
आईपीओ के जरिए कंपनी के मौजूदा निवेशक टेमासेक (Temasek), फिटनेस फर्स्ट लक्जमबर्ग, चिराटे वेंचर्स, टाटा डिजिटल, एक्सेल इंडिया, कलारी कैपिटल और श्रोडर्स कैपिटल 17.86 करोड़ शेयर बेचेंगे.हर इक्विटी शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है. हिस्सेदारी बेचने वालों में को-फाउंडर मुकेश बंसल, एंजेल इन्वेस्टर ब्रूनो राशले, डोली ट्रेडिंग एंड इन्वेस्टमेंट्स, हॉस्पिटैलिटी कंपनी सन एन सैंड होटल्स, एंडिया पार्टनर्स के फाउंडर सतीश आंद्रा, मिंत्रा के पूर्व CEO अनंत नारायणन का फैमिली ट्रस्ट और एक्टर ऋतिक रोशन की इन्वेस्टमेंट कंपनी 'एक्सट्रीम ब्रांड्स' भी शामिल हैं.
कंपनी में कितनी है ऋतिक की हिस्सेदारी?
ऋतिक Cult.fit के ब्रांड एम्बेसडर होने के साथ एक एंजेल इंवेस्टर भी हैं. आईपीओ के जरिए अपने 6.10 लाख से अधिक शेयर बेवकर कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेच रहे हैं. कंपनी के सबसे बड़े शेयरहोल्डर MacRitchie Investments है, जिसकी हिस्सेदारी 20.3% है. इसके बाद एक्सेल (13.5%), को-फाउंडर मुकेश बंसल (8.4%) और कलारी कैपिटल (7.8%) का नंबर आता है। एटरनल और टाटा डिजिटल के पास क्रमशः 4.9% और 3.6% हिस्सेदारी है.
पैसों का कहां होगा इस्तेमाल?
आईपीओ से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कंपनी पुराने कर्ज को चुकाने, अपने मौजूदा सेंटर्स के लीज और रेंट का भुगतान करने, अपने ब्रांड की मार्केटिंग करने और देश भर में नए Cult Elite और Cult Neo के नए सेंटर्स को बनाने में करेगी. Cult.fit भारत बड़ी फिटनेस कंपनी है, जिसके 77 शहरों में 708 सेंटर्स हैं. इसके सदस्यों की संख्या फिलहाल लगभग 987,000 है
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ़ सूचना हेतु दी जा रही है. यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें. ABPLive.com की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है.)