Benefits Of Matcha Tea: आज के समय में हरे रंग की चाय सोशल मीडिया पर एक अलग ही ट्रेंड बन गई है, जिसे सभी लोग माचा टी के नाम से जान रहे हैं. इस अचानक से आए ट्रेंड को देखकर हर किसी के दिमाग में यही सवाल आ रहा है कि आखिर यह नए प्रकार की चाय होती कैसी है. ऐसे में आपको बता दें कि यह असल में ग्रीन-टी का ही एक खास रूप है, लेकिन इसे बनाने का तरीका अलग होता है. सादी ग्रीन-टी में सिर्फ पानी में पत्तियां उबाली जाती हैं, जबकि माचा में पूरी पत्ती का पाउडर पानी में घोलकर पिया जाता है. यही वजह है कि माचा को ग्रीन-टी के मुकाबले ज्यादा फायदेमंद माना जा रहा है.
ऐसे ही अचानक से माचा सोशल मीडिया पर ट्रेंड नहीं आ गई है. इसे चर्चा में लाने में सबसे बड़ा हाथ आजकल के सेलिब्रिटीज और कंटेंट क्रिएटर्स का है. वे अपने रोज के रूटीन में माचा को शामिल कर रहे हैं. इसके पीछे की वजह है कि माचा में कैटेचिन नाम का एक एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है, खासकर EGCG नाम का तत्व, जो शरीर की चर्बी घटाने में मदद करता है. कई रिपोर्ट्स के मुताबिक माचा हमारे शरीर की कैलोरी बर्न करने की क्षमता को भी बढ़ाता है. इसके अलावा माचा में कैफीन और एल-थियेनिन के तत्व भी पाए जाते हैं, जो दिमाग को शांत रखते हैं और ऊर्जा देते हैं. यही कारण है कि अब चाय और कॉफी की जगह कई लोग सुबह माचा पीना पसंद कर रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः Fertility Diet: मां बनने में आ रही है दिक्कत तो आज ही अपने खाने में शामिल कर लें ये चीजें, जल्द गूंजेगी किलकारी
इस जानकारी के बाद अक्सर हर किसी के दिमाग में यही सवाल आता है कि क्या किया जा रहा दावा वाकई में उतना सच्चा है? क्या सच में माचा वजन कम करने में मदद करता है? तो इसके जवाब में बता दें कि माचा कोई जादुई या चमत्कारी ड्रिंक नहीं है, जो अचानक से अकेले ही वजन घटा देगा. विशेषज्ञों के अनुसार, चाहे वे माचा पिएं या फिर कोई भी वजन कम करने वाली अद्भुत ड्रिंक, ये सभी केवल वजन कम करने में मदद कर सकती हैं. इनका असर इतना नहीं होता कि केवल इन्हें पीने से वजन कम हो जाए. यानी बिना खान-पान पर ध्यान दिए, बिना एक्सरसाइज किए केवल इन ड्रिंक्स के भरोसे बैठने से वजन पर कोई असर नहीं पड़ता.
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
यह भी पढ़ेंः Pregnancy Test Kit: प्रेग्नेंसी किट कैसे पता कर लेती है आप प्रेग्नेंट हैं या नहीं? समझिए इसके पीछे का साइंस