IND vs ENG: श्रेयस अय्यर का 'वन मैन शो', अकेले ठोके पूरी टीम से ज्यादा रन, इस बड़े रिकॉर्ड की कर ली बराबरी
TV9 Bharatvarsh July 10, 2026 04:42 AM

Shreyas Iyer, IND vs ENG 4th T20I: इंग्लैंड के खिलाफ चौथे और करो या मरो वाले टी20 मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने एक कमाल की पारी खेली, जिसने टीम इंडिया को शर्मिंदा होने से बचा लिया. जहां एक तरफ इंग्लैंड की उछाल भरी पिच पर बाकी के सभी भारतीय बल्लेबाज सरेंडर करते नजर आ रहे थे, वहीं अय्यर ने दिखा दिया कि मुश्किल हालातों में कप्तानी पारी किसे कहते हैं. उन्होंने अकेले दम पर पूरी टीम से ज्यादा रन ठोक डाले और भारत को 20 ओवर में 7 विकेट पर 158 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया.

अकेले पूरी टीम पर भारी पड़े कप्तान अय्यर

ब्रिस्टल की पिच पर ऐसा लग रहा था कि श्रेयस अय्यर किसी अलग ही ट्रैक पर बल्लेबाजी कर रहे हैं. उन्होंने सिर्फ 49 गेंदों में 4 चौकों और 5 गगनचुंबी छक्कों की मदद से नाबाद 80 रनों की तूफानी और समझदारी भरी पारी खेली. इस मैच का सबसे अनोखा आंकड़ा यह रहा कि अय्यर के अलावा बाकी पूरी टीम मिलकर भी उनके बराबर रन नहीं बना सकी. टीम के बाकी सभी बल्लेबाजों ने मिलकर इस मैच में कुल 74 रन ही बनाए, वहीं 4 रन एक्स्ट्रा के मिले.

किंग कोहली के ऐतिहासिक रिकॉर्ड की बराबरी

अपनी इस 80 रनों की पारी के साथ ही श्रेयस अय्यर ने बतौर भारतीय कप्तान इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. इससे पहले यह रिकॉर्ड पूरी तरह विराट कोहली के नाम दर्ज था. विराट कोहली ने भी इंग्लैंड के खिलाफ बतौर कप्तान एक 80 रन की नाबाद पारी खेली थी.

ताश के पत्तों की तरह बिखरा टॉप ऑर्डर

सीरीज में 0-2 से पिछड़ रही भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने एक बार फिर ज्यादा उछाल के सामने घुटने टेक दिए. जोफ्रा आर्चर ने युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी (15 रन) को इस सीरीज में लगातार दूसरी बार आउट किया, तो जोश टंग ने ईशान किशन (4 रन) को पावरप्ले के अंदर ही शॉर्ट बॉल पर फंसा लिया. इसके बाद शानदार लय में दिख रहे अभिषेक शर्मा (16) भी आदिल राशिद की गेंद पर उन्हीं को कैच थमा बैठे.

यहां से कप्तान अय्यर को शिवम दुबे (22) का साथ मिला. दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 53 रनों की सधी हुई साझेदारी कर टीम को 100 के पार पहुंचाया. दुबे स्पिनर्स को खेलने के लिए नंबर-5 पर प्रमोट किए गए थे, लेकिन वो काफी संघर्ष करते दिखे और आखिरकार बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में विल जैक्स को कैच दे बैठे. उनके धीमे खेल से ऐसा लगा कि उपकप्तान तिलक वर्मा बेहतर विकल्प होते, लेकिन बाद में बल्लेबाजी करने आए तिलक भी सिर्फ 11 रन ही बना सके.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.