Sunil Gavaskar Birthday: क्रिकेटर्स से भरा है 'लिटिल मास्टर' का परिवार, जीजा और बेटे भी रहे इंटरनेशनल खिलाड़ी
TV9 Bharatvarsh July 10, 2026 04:42 AM

Sunil Gavaskar 77th Birthday: भारतीय क्रिकेट के इतिहास में जब भी सबसे सफल बल्लेबाजों की बात आती है, तो लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर का नाम सबसे ऊपर आता है. सुनील गावस्कर आज (10 जुलाई) अपना 77वां जन्मदिन मना रहे हैं. वो टेस्ट क्रिकेट में 10,000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि सुनील गावस्कर का सिर्फ अपना करियर ही बेमिसाल नहीं रहा, बल्कि उनका पूरा परिवार ही भारतीय क्रिकेट के बड़े-बड़े दिग्गजों से जुड़ा हुआ है?

सुनील गावस्कर के माता-पिता

सुनील गावस्कर का जन्म 10 जुलाई 1949 को मुंबई के एक मिडिल क्लास परिवार में हुआ था. उनके पिता का नाम मनोहर गावस्कर था, जो खुद मुंबई में क्लब लेवल के एक अच्छे क्रिकेटर थे. वहीं उनकी माता मीनल गावस्कर एक हाउसवाइफ थीं. सुनील गावस्कर को बचपन में क्रिकेट की तरफ मोड़ने और उनके अंदर इस खेल की बुनियादी समझ विकसित करने में उनके पिता की बड़ी भूमिका रही.

गावस्कर के मामा माधव मंत्री

सुनील गावस्कर के परिवार में इंटरनेशनल क्रिकेट का रास्ता उनके मामा के जरिए खुला था. उनके सगे मामा माधव मंत्री भारत के पूर्व टेस्ट विकेटकीपर और बल्लेबाज थे. माधव मंत्री ने भारत के लिए 4 टेस्ट मैच खेले थे. बचपन में जब सनी अपने मामा के घर जाते थे, तो वहां भारत की टेस्ट कैप और जर्सी देखकर उनके मन में भी देश के लिए खेलने की जिद पैदा हुई थी. बाद में वो मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे.

बहन कविता और जीजा गुंडप्पा विश्वनाथ

कविता विश्वनाथ और नूतन गावस्कर सुनील गावस्कर की दो छोटी बहनें हैं. कविता की शादी भारतीय क्रिकेट के एक और महान बल्लेबाज गुंडप्पा विश्वनाथ से हुई है. 1970 के दशक में सुनील गावस्कर और गुंडप्पा विश्वनाथ भारतीय बल्लेबाजी के दो सबसे मजबूत रीढ़ हुआ करते थे. इस तरह भारत के दो सबसे महान बल्लेबाज आपस में साढ़ू-साले हैं. दूसरी ओर, नूतन ने भारतीय महिला क्रिकेट संघ (WCAI) की जनरल सेक्रेटरी के रूप में काम किया है.

पत्नी मार्शनेल गावस्कर

सुनील गावस्कर ने साल 1974 में मार्शनेल मेहरोत्रा से शादी की. मार्शनेल कानपुर के एक जाने-माने बिजनेस परिवार से ताल्लुक रखती हैं. गावस्कर के पूरे करियर के दौरान उन्होंने लाइमलाइट से दूर रहकर पूरे परिवार को बखूबी संभाला. 1973 में एक क्रिकेट मैच देखने के दौरान मार्शनेल सुनील गावस्कर का ऑटोग्राफ लेने गई थीं. कहा जाता है कि ऑटोग्राफ मिलने के बाद सुनील को भी उनसे प्यार हो गया और अगले ही साल दोनों ने शादी कर ली.

बेटा रोहन गावस्कर

सुनील और मार्शनेल के एक बेटे हैं, जिनका नाम रोहन गावस्कर है. पिता की तरह रोहन ने भी क्रिकेट को ही अपना करियर चुना. रोहन गावस्कर ने घरेलू क्रिकेट में बंगाल का प्रतिनिधित्व किया और बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में जगह बनाई. उन्होंने 2004-2005 के दौरान भारत के लिए 11 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले. मौजूदा समय में रोहन एक सफल क्रिकेट कमेंटेटर और हैं. रोहन की शादी डेविनिया डिसूजा से हुई है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.