FIFA World Cup 2026: आखिरी मिनटों में बाजी पलटना इस खिलाड़ी की आदत, रचा इतिहास, सेमीफाइनल में स्पेन
TV9 Bharatvarsh July 11, 2026 10:42 AM

Spain beat Belgium: स्पेन ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया है. लॉस एंजिल्स स्टेडियम पर खेले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में स्पेन ने बेल्जियम को 2-1 से हराया. स्पेन ने आखिरी पलों में मैच को अपने नाम किया, जिसमें माइकल मेरिनो की भूमिका फिर से एक बार अहम रही. मेरिनो ने इससे पहले राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में भी स्पेन को जिताने में निर्णायक भूमिका निभाई थी. बैक टू बैक नॉक आउट मैचों में स्पेन के लिए आखिरी मिनटों में कमाल कर माइकल मेरिनो ने अब इतिहास भी रच दिया है.

मैच का पहला हाफ 1-1 से बराबर

स्पेन और बेल्जियम के बीच के क्वार्टर फाइनल मुकाबले का पहला हाफ 1-1 से बराबर रहा था. मैच का पहला गोल स्पेन की तरफ से 30वें मिनट में फैबलान रूइज ने किया था. 41वें मिनट में बेल्जियम के चार्ल्स डी कैथरीन ने स्पेन के गोलपोस्ट में गेंद डालकर हिसाब बराबर कर दिया.

आखिरी मिनट में मेरिनो मे पलटी बाजी

दूसरे हाफ का खेल और भी जबरदस्त और कांटे से भरा रहा. एक वक्त तो ऐसा लगा कि मैच का फैसला तय समय में नहीं हो पाएगा. लेकिन, सब्सिट्यूट प्लेयर के तौर पर खेल रहे माइकल मेरिनो ने मैच के आखिरी मिनटों में फिर से वही किया, जो उन्होंने पहले भी करके दिखाया है. मेरिनो ने 88वें मिनट में गोल दागा, जिसने स्पेन की जीत सुनिश्चित कर दी और उसे सेमीफाइनल का टिकट दिला दिया.

आखिरी मिनटों में बाजी पलटना मेरिनो की आदत!

सब्सिट्यूट प्लेयर बनकर खेल रहे माइकल मेरिनो ने इससे पहले राउंड ऑफ 16 में पुर्तगाल के खिलाफ भी आखिरी पलों में ही गोल किया था और स्पेन को जीत दिलाई थी. उन्होंने वो गोल मैच के एक्स्ट्रा टाइम के पहले मिनट यानी 91वें मिनट में दागा था.

उससे पहले 2024 के यूरो क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जर्मनी के खिलाफ भी माइकल मेरिनो ने मैच के 119वें मिनट में गोल दागकर स्पेन को जीत दिलाई थी.

स्पेन के मेरिनो ने बनाया रिकॉर्ड

2010 में डेविड विया के बाद माइकल मेरिनो, स्पेन के पहले ऐसे खिलाड़ी तो हैं ही, जिन्होंने वर्ल्ड कप के लगातार दो नॉक आउट मैचों में गोल किए हैं. वो फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में पहले ऐसे खिलाड़ी भी हैं, जिन्होंने बतौर सब्सिट्यूट दो नॉक आउट मैचों में विनिंग गोल दागा है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.