Lenin Box Office: अजय देवगन की धमाल 4 के बीच साउथ की पैन इंडिया फिल्म लेनिन का तहलका, कितना हुआ कलेक्शन?
TV9 Bharatvarsh July 11, 2026 08:43 PM

Lenin Film Release Opening Day Box Office: साउथ फिल्म इंडस्ट्री से एक बड़ी पैन इंडिया फिल्म सिनेमाघरों में रलीज कर दी गई है. अखिल अक्किनेनी की फिल्म लेनिन की ओपनिंग डे कलेक्शन की रिपोर्ट आ गई है. फिल्म का कलेक्शन काफी अच्छा गया है और ओपनिंग डे पर इस फिल्म को जनता का पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिला है. फिल्म की कमाई के ताजा आंकड़े आ गए हैं. ये एक पैन इंडिया फिल्म है. ऐसे में इस फिल्म का मुकाबला सीधे तौर पर अजय देवगन की धमाल 4 के साथ भी है. पहले दिन लेनिन ने दुनियाभर में 11.52 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है और अपने आंकड़े को डबल डिजिट तक पहुंचा दिया है.

फिल्म के इस कलेक्शन को शानदार कहा जा सकता है. ये पैन इंडिया फिल्म बहुत बड़े बजट में नहीं बनी है और इसकी अनुमानित लागत 100 करोड़ रुपये की बताई जा रही है. ऐसे में फिल्म का इतने रुपये कमा ले जाना अपने आप में ही ये बताने के लिए काफी है कि अगर फिल्म का आगाज इतना अच्छा हुआ है तो अंजाम कैसा होगा.

सैकनिल्क की रिपोर्ट्स की मानें तो नेट कलेक्शन के मामले में इस फिल्म ने 7.15 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. वहीं दूसरी तरफ फिल्म ने ग्रॉस कलेक्शन के मामले में 8.22 करोड़ कमाए हैं. फिल्म का ओवरसीज कलेक्शन 3.30 करोड़ रुपये का रहा. वहीं फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 11.52 करोड़ रुपये का हो चुका है. फिल्म अगर इसी फ्लो में अपने कलेक्शन को जारी रखती है और वीकेंड में ग्रोथ दिखाती है तो ये 10 दिन के अंदर अपना बजट वसूल सकती है.

ये भी पढ़ें- Box Office Compare: ओमकारा के 20 तो देवदास के हो गए 24 साल, किस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर की थी ज्यादा कमाई?

अजय देवगन की धमाकेदार शुरुआत

वहीं दूसरी तरफ अजय देवगन की मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म धमाल 4 की बात करें को भारत में इस फिल्म ने नेट कलेक्शन के मामले में 13.75 करोड़ रुपये कमाए हैं. वहीं फिल्म ने ग्रॉस कलेक्शन के मामले में 16.50 करोड़ रुपये की कमाई की है. फिल्म का ओवरसीज कलेक्शन 5 करोड़ रुपये का रहा है. इस लिहाज से देखा जाए तो इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर 21.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. फिल्म को हिंदी ऑडियंस से अच्छा-खासा सपोर्ट मिल रहा है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.