खराब क्षेत्ररक्षण और बाएं हाथ के बल्लेबाजों से भरा शीर्ष क्रम भारतीय टीम के लिए चिंताजनक: पार्थिव पटेल
Indias News Hindi July 11, 2026 09:43 PM

New Delhi, 11 जुलाई . भारतीय क्रिकेट टीम को आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज गंवाने के बाद इंग्लैंड में भी टी20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है. टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल का कहना है कि भारतीय टीम का क्षेत्ररक्षण चिंता का विषय है. लगातार कैच छूटना एक ट्रेंड बन गया है.

पार्थिव ने जियोस्टार पर कहा, “आयरलैंड के खिलाफ नतीजा चौंकाने वाला था. खराब क्रिकेट खेलने के बाद आप आयरलैंड को हराने की उम्मीद नहीं कर सकते. पिछले दो से ढाई साल में, भारतीय क्रिकेट में क्षेत्ररक्षण सबसे चिंताजनक रहा है. चाहे पुरुष टीम हो, महिला टीम हो या फिर जूनियर क्रिकेट, हर स्तर पर यही हाल है. आयरलैंड सीरीज में भी, अगर पहले मैच में वे दो या तीन कैच लिए गए होते, तो वे 180 से ज्यादा का स्कोर नहीं बना पाते. दूसरे मैच में भी यही हुआ. यह निश्चित रूप से एक ऐसा क्षेत्र है जिस पर भारतीय टीम ध्यान देने की जरूरत है क्योंकि वे जरूरी मौकों पर कैच छोड़ रहे हैं.”

क्षेत्ररक्षण के अलावा, India के पूर्व विकेटकीपर ने सबसे छोटे फॉर्मेट में गेंदबाजी आक्रमण बनाने के टीम के तरीके पर सवाल उठाया.

उन्होंने कहा कि India को सभी फॉर्मेट के जाने-माने नामों पर निर्भर रहने के बजाय खास तौर पर टी20 क्रिकेट के लिए सही गेंदबाज तैयार करने शुरू करने चाहिए. दूसरी बात, जैसे हमारे पास बल्लेबाजी में टी20 विशेषज्ञ हैं, वैसे ही हम गेंदबाजी में भी क्यों नहीं देखते? हम हमेशा सोचते हैं, ‘बुमराह वापस आएगा और काम करेगा, फिर हम प्रसिद्ध कृष्णा जैसे खिलाड़ियों पर वापस जाते हैं. हमारे पास प्रिंस यादव और मोहसिन खान जैसे गेंदबाज भी हैं, इसलिए हमें टी20 विशेषज्ञ गेंदबाज पर भी ध्यान देना होगा.

पार्थिव ने India के बल्लेबाजी संतुलन पर कहा कि मौजूदा बाएं हाथ का शीर्ष क्रम लंबे समय के लिए चिंता का विषय बन सकता है. इस संदर्भ में, उन्होंने तिलक वर्मा के बल्ले से फॉर्म में लौटने के महत्व पर जोर दिया.

पूर्व विकेटकीपर ने कहा, “मैं बस उम्मीद कर रहा हूं कि हम किसी और उपकप्तान को बाहर न होते देखें. हमारे पास जिस तरह का बल्लेबाजी क्रम है, वह लंबे समय तक काम नहीं कर सकता. अगर आपके शीर्ष क्रम के सात बल्लेबाज में से छह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, तो वह बल्लेबाजी क्रम काम नहीं करेगा. कहीं न कहीं बदलाव तो करने ही होंगे. अब, कौन टीम में आता है और किस दाएं हाथ के बल्लेबाज को मौका मिलता है, मुझे नहीं पता. तिलक वर्मा को रन बनाने की जरूरत है.”

पीएके

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.