अगले हफ्ते IPO की बहार! SBI Mutual Fund समेत 3 कंपनियां जुटाएंगी 11,980 करोड़ रुपये
Himachali Khabar Hindi July 11, 2026 09:43 PM

अगर आप IPO में निवेश करने की योजना बना रहे हैं, तो अगला हफ्ता आपके लिए काफी व्यस्त रहने वाला है. 14 जुलाई से शेयर बाजार के प्राइमरी मार्केट में तीन नए IPO खुलने जा रहे हैं. इनमें सबसे बड़ा नाम SBI Funds Management का है. इसके अलावा Alpine Texworld और SME सेगमेंट की Millworks Technologies भी निवेशकों के लिए अपने इश्यू लेकर आ रही हैं. इन तीनों कंपनियों का लक्ष्य कुल मिलाकर करीब 11,980 करोड़ रुपये जुटाना है.

अगले सप्ताह का सबसे बड़ा IPO SBI Funds Management का होगा. यह इश्यू 14 जुलाई को खुलेगा और 16 जुलाई को बंद होगा. कंपनी ने 545 से 574 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. एक लॉट में 26 शेयर होंगे, यानी खुदरा निवेशकों को एक लॉट खरीदने के लिए अधिकतम 14,924 रुपये निवेश करने होंगे.

यह IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल है. यानी कंपनी कोई नए शेयर जारी नहीं करेगी और IPO से मिलने वाली रकम मौजूदा शेयरधारकों को जाएगी. कंपनी के शेयर 21 जुलाई को BSE और NSE पर लिस्ट होने की उम्मीद है.

SBI Funds Management देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी है. यह SBI Mutual Fund का संचालन करती है और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया तथा फ्रांस की Amundi के बीच संयुक्त उपक्रम है. 2025 तक कंपनी के पास 16.32 लाख करोड़ रुपये की एसेट अंडर मैनेजमेंट थी, जो भारत के कुल म्यूचुअल फंड AUM का करीब 15.5% है. वित्त वर्ष 202526 में कंपनी का शुद्ध मुनाफा बढ़कर 3,067 करोड़ रुपये पहुंच गया.

Alpine Texworld भी लाएगी नया इश्यू

मुख्य बोर्ड में दूसरा IPO Alpine Texworld का होगा. कंपनी का 126.25 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू भी 14 जुलाई को खुलेगा और 16 जुलाई को बंद होगा. कंपनी ने 100 से 105 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. एक लॉट में 142 शेयर होंगे और निवेशकों को एक लॉट खरीदने के लिए अधिकतम 14,910 रुपये खर्च करने होंगे.

कंपनी कपड़ों की डाइंग और प्रोसेसिंग का कारोबार करती है. IPO से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल अहमदाबाद में नई वीविंग यूनिट लगाने, कर्ज चुकाने और सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा. पिछले वित्त वर्ष में कंपनी का राजस्व 47 फीसदी और मुनाफा 152 फीसदी बढ़ा है.

SME सेगमेंट में Millworks Technologies पर नजर

SME प्लेटफॉर्म पर Millworks Technologies का IPO भी 14 जुलाई से खुलेगा. कंपनी ने 315 से 331 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है और करीब 160.34 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है. इस IPO की लिस्टिंग BSE SME प्लेटफॉर्म पर होगी.

ग्रे मार्केट में इस IPO को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है. इसके शेयर 100 फीसदी से अधिक प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं, जिससे निवेशकों के बीच इसे लेकर उत्साह बढ़ा हुआ है.

निवेश से पहले इन बातों का रखें ध्यान

हालांकि, ग्रे मार्केट प्रीमियम किसी IPO की सफलता की गारंटी नहीं होता. निवेश करने से पहले कंपनी के कारोबार, वित्तीय प्रदर्शन, वैल्यूएशन और जोखिमों को अच्छी तरह समझना जरूरी है. अगले सप्ताह आने वाले ये तीनों IPO अलगअलग सेक्टर से हैं, इसलिए निवेशकों के पास अपने पोर्टफोलियो में विविधता लाने का अच्छा अवसर रहेगा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.