वेस्टइंडीज महिला टीम ने शुक्रवार, 10 जुलाई को ब्रेडी क्रिकेट ग्राउंड में खेड़े गए पहले वनडे मुकाबले में आयरलैंड को 9 विकेट से हरा दिया. इस जीत की सबसे बड़ी हीरो कप्तान हेली मैथ्यूज रहीं, जिन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया. 270 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने नाबाद 159 रन की यादगार पारी खेली. इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली.
आयरलैंड ने खड़ा किया 269 रन का स्कोर
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने आयरलैंड को 49 ओवर में 269 रन पर समेट दिया. आयरलैंड के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज एमी हंटर ने सबसे ज्यादा 96 रन बनाए. उन्होंने 90 गेंदों की अपनी पारी में 6 चौके लगाए. कप्तान गेबी लेविस ने 39, ओर्ला प्रेंडरगैस्ट ने 30 और लुइस लिटिल ने 27 रन का योगदान दिया. वेस्टइंडीज की ओर से एफी फ्लेचर ने 10 ओवर में 49 रन देकर 4 विकेट झटके. कप्तान हेली मैथ्यूज ने भी 10 ओवर में 52 रन देकर 3 विकेट लिए. जैनिलेया ग्लासगो और करिश्मा रामहरक को 1-1 सफलता मिली.
मैथ्यूज ने अकेले पलट दिया मैच
270 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हेली मैथ्यूज और रीलियाना ग्रिमंड ने पहले विकेट के लिए 258 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की. यह वेस्टइंडीज महिला टीम की वनडे क्रिकेट में पहले विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है.
यह भी पढ़ें- हर बार संजू सैमसन के साथ ही क्यों होता है ऐसा... वैभव सूर्यवंशी की यूं एंट्री पर दिग्गज ने उठाए सवाल
मैथ्यूज ने 123 गेंदों में 24 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 159 रन बनाए. यह उनके वनडे करियर का 11वां शतक और इस फॉर्मेट में उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर भी है. दूसरी ओर ग्रिमंड शतक से चूक गईं और 107 गेंदों पर 91 रन बनाकर आउट हुईं. उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके लगाए. स्टेफनी टेलर 2 रन बनाकर नाबाद लौटीं.