हर बार संजू सैमसन के साथ ही क्यों होता है ऐसा... वैभव सूर्यवंशी की यूं एंट्री पर दिग्गज ने उठाए सवाल
शिवम July 12, 2026 01:12 AM

संजू सैमसन को प्लेइंग 11 से बाहर करने के बाद से मैनेजमेंट की चौतरफा आलोचना हो रही है, क्योंकि इसी विकेटकीपर बल्लेबाज ने आपको टी20 विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई. वह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट थे, जबकि उन्होंने वहां भी सारे मैच नहीं खेले थे. लगातार 3 मैचों में उनके बल्ले से रन नहीं आए थे, तब इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 की प्लेइंग 11 से उन्हें बाहर किया गया था. वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू करवाया गया, हालांकि नतीजे नहीं बदल रहे और टीम इंडिया लगातार 5 मैच हार चुकी है. कप्तान श्रेयस अय्यर और हेड कोच गौतम गंभीर भी आलोचकों के निशाने पर है. इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर का भी बड़ा बयान आया है.

पूर्व क्रिकेटर पार्थिव पटेल का मानना है कि अगर तर्क और प्रदर्शन को देखें तो संजू सैमसन को प्लेइंग 11 से बाहर करना समझ नहीं आता, उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को मौका देने को भावनात्मक रूप से लिया गया फैसला बताया. वैभव सूर्यवंशी ने 4 जुलाई, 2026 को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में डेब्यू किया. अपने पहले मैच में 14 बनाने वाले वैभव ने दूसरे मैच में 13 और तीसरे मैच में 15 रन बनाए. संजू की बात करें तो उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच में 5 रन बनाए थे, दूसरे में वह खाता भी नहीं खोल पाए और इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में 1 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद उन्हें ड्राप किया गया था.

संजू सैमसन के साथ ही क्यों

जियोहॉटस्टार पर बात करते हुए पार्थिव पटेल ने कहा कि संजू सैमसन के 11-12 साल के करियर में उनकी निरंतरता को लेकर सवाल उठे हैं, इसी वजह से उन्हें कई बार टीम से बाहर होना पड़ा लेकिन इस बार स्थिति अलग है. उन्होंने कहा, 'हर बार संजू सैमसन को ही क्यों बाहर किया जाता है? तेजी से रन नहीं बनाना पहले कारण बताया जाता था, लेकिन आप एक प्लेयर के लिए अलग-अलग पैमानों पर फैसला नहीं ले सकते.'

यह भी पढ़ें- एमएस धोनी नहीं हैं टी20 में भारत के सबसे सफल कप्तान, दूसरे स्थान पर सूर्या; देखें विराट कोहली का नंबर

पार्थिव पटेल का मानना है कि भावनात्कम रूप से वैभव सूर्यवंशी को मौका देना सही फैसला हो सकता है, वह टीम के प्रतिभाशाली युवा चेहरा हैं. लेकिन अगर सिलेक्शन प्रदर्शन और तर्क के आधार पर होता तो ऐसा कोई ठोस कारण नजर नहीं आता कि संजू सैमसन को बाहर किया जाए.

यह भी पढ़ें- बदल गई भारत बनाम इंग्लैंड 5वें टी20 की टाइमिंग, जानिए कितने बजे शुरू होगा मैच; LIVE स्ट्रीमिंग डिटेल्स

उन्होंने फैंस की मानसिकता पर बात करते हुए कहा कि जब टी20 वर्ल्ड कप में श्रेयस अय्यर को नहीं चुना गया था तो फैंस सवाल उठा रहे थे कि उन्हें क्यों नहीं चुना गया. अब वह टीम में हैं तो लोग रजत पाटीदार को लेकर बाते कर रहे हैं. ये धारणा रहती है कि जो बाहर है वो बेहतर प्रदर्शन करता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.