दिल्ली के मजलिस पार्क में भीषण आग, 4 मंजिला मकान की तीसरी मंजिल धधकी; फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर
TV9 Bharatvarsh July 12, 2026 03:43 AM

Delhi Fire News: राजधानी दिल्ली के मजलिस पार्क इलाके में सोमवार रात एक चार मंजिला मकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग मकान की तीसरी मंजिल पर लगी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी. सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया.

तीसरी मंजिल से उठीं आग की लपटें

जानकारी के अनुसार, यह घटना मजलिस पार्क की गली नंबर-10 स्थित एक चार मंजिला इमारत में हुई. आग तीसरी मंजिल पर लगी, जिसके बाद देखते ही देखते धुआं और आग की लपटें पूरी इमारत में फैलने लगीं. आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया. मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.

फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

दिल्ली फायर सर्विस को रात 9 बजकर 19 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली. कॉल मिलते ही विभाग ने तुरंत पांच गाड़ियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया. फायर ब्रिगेड कर्मी युद्धस्तर पर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि यदि इमारत के अंदर कोई व्यक्ति फंसा हो तो उसे सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.

ये भी पढ़ें- दिल्ली के जसोला में बड़ा हादसा! जर्जर इमारत की दीवार गिरी, एक मजदूर की मौत; 2 घायल

फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. शुरुआती स्तर पर किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हुई है. आग पूरी तरह बुझने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की जांच करेगी. वहीं मौके पर मौजूद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं. राहत-बचाव कार्य में बाधा न बनें.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.