हेरिटेज फूड्स की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नारा ब्राह्मणी को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है. उन्हें साल 2026 के लिए फॉर्च्यून इंडिया की 100 सबसे प्रभावशाली और शक्तिशाली महिलाओं की सूची में शामिल किया गया है. इस सम्मान के साथ उन्हें देश की प्रमुख महिला कारोबारी नेताओं में एक खास पहचान मिली है.
नारा ब्राह्मणी को फॉर्च्यून इंडिया के वार्षिक मोस्ट पावरफुल वुमेन (MPW) समिट में सम्मानित किया गया. इस दौरान उन्होंने रनिंग कंपनीज़ विद पर्पस सब्जेक्ट पर आयोजित चर्चा में हिस्सा लिया. उन्होंने भारत के डेयरी सेक्टर के भविष्य, किसानों की भूमिका और उद्योग के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार भी साझा किए.
यह सम्मान हेरिटेज फूड्स में उनके प्रभावी काम और डेयरी उद्योग को मजबूत बनाने के लिए किए गए कोशिशों को देखते हुए दिया गया है. नारा ब्राह्मणी ने किसानों की उत्पादकता बढ़ाने, पशुओं के स्वास्थ्य में सुधार लाने और डेयरी क्षेत्र में मांग और आपूर्ति के बीच मौजूद अंतर को कम करने के लिए कई पहल की हैं. उनके नेतृत्व में कंपनी ने डेयरी क्षेत्र में नई रणनीतियों और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दिया है.
Heartiest congratulations to Brahmani on being recognised among Fortune India’s 100 Most Powerful Women 2026. This prestigious recognition reflects her leadership, dedication, and commitment to excellence.
— N Chandrababu Naidu (@ncbn) July 11, 2026
She continues to make our family proud while inspiring countless young… pic.twitter.com/KoKjDkvTK6
आंध्र प्रदेश के CM ने क्या लिखा?
इस उपलब्धि पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर लिखा कि ब्राह्मणी को फॉर्च्यून इंडिया की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं 2026 में शामिल होने पर बहुत-बहुत बधाई. यह प्रतिष्ठित पहचान उनकी लीडरशिप, लगन और बेहतरीन काम के प्रति उनके कमिटमेंट को दिखाती है. वह हमारे परिवार को गर्व महसूस कराती रहती हैं और अनगिनत युवा महिलाओं, खासकर हमारी तेलुगु बेटियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं. उनके लिए और भी कई उपलब्धियां हासिल करने और उनकी सभी कोशिशों में लगातार सफलता की कामना करता हूं.
कौन हैं नारा ब्राह्मणी?
नारा ब्राह्मणी का जन्म 21 दिसंबर 1986 को हुआ था. उनका संबंध आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के एक प्रसिद्ध राजनीतिक और फिल्मी परिवार से है. उनका होमटाउन हैदराबाद, तेलंगाना है. नारा ब्राह्मणी ने अपनी उच्च शिक्षा विदेश में हासिल की है. उन्होंने सांता क्लारा यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री हासिल की. यह पढ़ाई उन्होंने साल 2007 से 2009 के बीच पूरी की. इसके बाद उन्होंने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस से साल 2011 से 2013 के बीच MBA की डिग्री हासिल की.
नारा ब्राह्मणी ने करियर की शुरुआत
नारा ब्राह्मणी ने करियर की शुरुआत उन्होंने अक्टूबर 2009 में की. उस समय उन्होंने सिंगापुर की कंपनी वर्टेक्स वेंचर मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड में इन्वेस्टमेंट एसोसिएट के रूप में काम शुरू किया. इस पद पर रहते हुए उन्होंने इन्वेस्टमेंट और बिजनेस मैनेजमेंट से जुड़ा अनुभव हासिल किया. मई 2011 में नारा ब्राह्मणी को हैदराबाद स्थित हेरिटेज फूड्स (इंडिया) लिमिटेड में बिजनेस डेवलपमेंट की वाइस प्रेसिडेंट नियुक्त किया गया. यहां उन्होंने कंपनी के विस्तार और नई व्यावसायिक योजनाओं पर काम किया.
कौन है नारा ब्राह्मणी के पिता?
फ्रांस में स्थित प्रसिद्ध खाद्य कंपनी डैनोन में अगस्त 2012 में नारा ब्राह्मणी असिस्टेंट ब्रांड मैनेजर बनीं. इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांड प्रबंधन और मार्केटिंग का अनुभव हासिल किया. इसके बाद जुलाई 2013 में उन्होंने दोबारा हेरिटेज फूड्स लिमिटेड में जिम्मेदारी संभाली और कंपनी में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के रूप में काम शुरू किया. उनके नेतृत्व में कंपनी ने कई क्षेत्रों में विस्तार किया और अपनी व्यावसायिक गतिविधियों को मजबूत किया. नारा ब्राह्मणी के परिवार की बात करें तो उनके पिता नंदमुरी बालकृष्ण हैं, जो तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के प्रसिद्ध अभिनेता और राजनेता हैं. उनकी माता का नाम वसुंधरा देवी है. नारा ब्राह्मणी के पति नारा लोकेश हैं, जो एक प्रमुख राजनेता हैं और तेलुगु देशम पार्टी (TDP) से जुड़े हुए हैं और उनके ससुर आंध्र प्रदेश के सीएम हैं.