अगले साल भारत में शुरू हो जाएगी बुलेट ट्रेन, रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया पूरा प्लान, इन शहरों के बीच कम होगा यात्रा का समय
et July 12, 2026 01:42 PM
देश की पहली बुलेट ट्रेन का इंतजार अब जल्द ही खत्म होने वाला है. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुलेट ट्रेन पर बड़ा अपडेट देते हुए बताया कि मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर काम तेजी से चल रहा है और इसका पहला सेक्शन 2027 में शुरू कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि परियोजना को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा, जिससे यात्रियों को जल्द हाई-स्पीड रेल का लाभ मिल सके.

अगले साल शुरू होगी भारत में पहली बुलेट ट्रेन
हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री ने कहा कि अगले साल सूरत और बिलिमोरा के बीच बुलेट ट्रेन का पहला सेक्शन शुरू होगा. इसके बाद परियोजना को अलग-अलग चरणों में आगे बढ़ाया जाएगा. पहले वापी से सूरत, फिर वापी से अहमदाबाद, उसके बाद अहमदाबाद से ठाणे और आखिर में अहमदाबाद से मुंबई तक बुलेट ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी.


साथ ही रेलवे मंत्री ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन अपने नए अध्याय में प्रवेश कर रही है. यह बयान ऐसे समय आया है जब अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी के साथ हैदराबाद स्थित मेधा बोगीज फैक्ट्री का दौरा किया है.

हैदराबाद बनेगा हाई-स्पीड रेल हब
रेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद के लिए तीन नए हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन कॉरिडोर मंजूर किए हैं, जिससे शहर देश का एक प्रमुख हाई-स्पीड रेल हब बन जाएगा. ये प्रस्तावित कॉरिडोर कुछ इस तरह से हैं-

  • पुणे-हैदराबाद
  • हैदराबाद-चेन्नई
  • हैदराबाद-बेंगलुरु

उनका कहना है कि इन परियोजनाओं से तेलंगाना और आसपास के राज्यों की अर्थव्यवस्था को बड़ा फायदा मिलेगा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी.


बुलेट ट्रेन के चालू हो जाने से यात्रियों के लिए यात्रा करना पहले के मुकाबले और ज्यादा सुविधाजनक और आसान हो जाएगा. साथ ही यात्रा का समय भी घट जाएगा. बुलेट ट्रेन के आने से शहरों के बीच की दूरी में समय कुछ इस तरह से होगा-

  • पुणे से हैदराबाद- लगभग 2 घंटे
  • हैदराबाद से मुंबई- लगभग 2 घंटे 50 मिनट
  • हैदराबाद से अमरावती- लगभग 1 घंटा 10 मिनट
  • हैदराबाद से चेन्नई- लगभग 3 घंटे
  • हैदराबाद से बेंगलुरु- लगभग 2 घंटे 35 मिनट
© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.