Badrinath Donation Controversy: बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में पहली गिरफ्तारी, प्रमोद नौटियाल अरेस्ट
TV9 Bharatvarsh July 13, 2026 03:43 PM

बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर मचे बवाल के बीच पहली गिरफ्तारी हो गई है. पुलिस ने जांच के आधार पर आरोपी प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस नौटियाल से पूछताछ कर रही है. उत्तराखंड पुलिस ने बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे और दान के प्रबंधन में कथित अनियमितताओं के मामले में आरोपी प्रमोद नौटियाल को उनके आवास से गिरफ्तार किया.

चमोली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि चमोली पुलिस ने रविवार रात प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार किया और उन्हें बद्रीनाथ ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है.

मंदिर समिति ने पहले ही कर दिया था सस्पेंड

प्रमोद नौटियाल श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के निलंबित कर्मचारी हैं. पुलिस के अनुसार, बीकेटीसी अध्यक्ष के निजी सहायक (पर्सनल असिस्टेंट) के रूप में कार्य कर चुके नौटियाल के खिलाफ मंगलवार देर रात एफआईआर दर्ज की गई थी.

बीकेटीसी की चार सदस्यीय जांच समिति ने अपनी प्रारंभिक जांच में पाया कि दान और चढ़ावे के प्रबंधन में अनियमितताओं को लेकर लगाए गए आरोप पहली नजर में सही प्रतीत होते हैं. बीकेटीसी एक वैधानिक संस्था है, जो बद्रीनाथ मंदिर सहित उत्तराखंड के अन्य प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों का प्रबंधन करती है.

तीन लोगों की कमेटी कर रही जांच

इस मामले को लेकर उत्तराखंड सरकार ने भी पिछले सप्ताह अपनी ओर से तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था. इस समिति के अध्यक्ष गढ़वाल मंडल आयुक्त हैं और समिति अपनी जांच रिपोर्ट तथा सिफारिशें राज्य सरकार को सौंपेगी.

यह मामला तब चर्चा में आया, जब बद्रीनाथ मंदिर में दान और चढ़ावे की गिनती के दौरान कथित अनियमितताओं के आरोप सोशल मीडिया पर सामने आए. इसके बाद ‘भैरव सेना’ नामक एक संगठन ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच कराने और एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.