बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी की चर्चाओं के बीच पाबना जिले में हिंसा का मामला सामने आया है. पाबना जिले में गुरुवार सुबह पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच हिंसक झड़प हो गई. पुलिस का दावा है कि प्रतिबंधित अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मस्जिद के लाउडस्पीकर से ऐलान कर लोगों को इकट्ठा किया और फिर पुलिस टीम पर हमला कर दिया. इस दौरान सुजानगर थाना प्रभारी (ओसी) और एक कांस्टेबल घायल हो गए. पुलिस की दो गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई और हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ा लिया गया. हालांकि अवामी लीग के स्थानीय अध्यक्ष अब्दुल वहाब ने इन आरोपों से इनकार किया है और कहा कि घटना के समय वह इलाके में मौजूद ही नहीं थे.
फुटबॉल मैच के बाद छापेमारी, फिर हुआ हमलासुजानगर थाना पुलिस के अनुसार, दो पुलिस गश्ती दलों ने सूचना मिलने पर मथुरापुर इलाके में छापेमारी की थी. पुलिस का दावा है कि प्रतिबंधित अवामी लीग के नेता और कार्यकर्ता फुटबॉल विश्व कप के मैच के दौरान तोड़फोड़ की योजना बना रहे थे. छापेमारी के दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया. इसके बाद पुलिस का आरोप है कि मस्जिद के लाउडस्पीकर से घोषणा कर लोगों को बुलाया गया और पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया. इस दौरान दो पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की गई और हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ा लिया गया. घटना में थाना प्रभारी मुजफ्फर हुसैन और कांस्टेबल सबुज हुसैन घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया.
अवामी लीग के अब्दुल वहाब ने आरोपों से किया इनकारपुलिस ने आरोप लगाया है कि इस हमले के दौरान सुजानगर उपजिला अवामी लीग के अध्यक्ष अब्दुल वहाब भी मौके पर मौजूद थे. हालांकि अब्दुल वहाब ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के डर से वह जिले से बाहर रह रहे हैं और पुलिस के डर से इलाके में भी नहीं जा सकते. उनके मुताबिक, गांव के युवाओं ने रात में फुटबॉल मैच देखने के बाद खिचड़ी खाने का कार्यक्रम रखा था. पुलिस वहां पहुंची और 10 से 12 लोगों को हिरासत में ले लिया. बाद में खबर मिलने पर स्थानीय लोग, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, घरों से बाहर निकले और हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़ा लिया.
आतंकवाद निरोधक कानून के तहत केस दर्जपाबना के पुलिस अधीक्षक सूफी उल्लाह ने बताया कि इस घटना में पुलिस पर हमले और आतंकवाद निरोधक कानून की संबंधित धाराओं के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि घायल दोनों पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है. साथ ही घटना में शामिल लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और हमले में शामिल लोगों की पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: Reels देखने से कमजोर हो रहा बच्चों का दिमाग, क्या आपका बच्चा भी है शिकार?