IND vs ENG 2nd ODI: जो रूट से हारी टीम इंडिया, कार्डिफ में जीत के साथ इंग्लैंड ने की सीरीज बराबर
TV9 Bharatvarsh July 17, 2026 05:42 AM

भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में इंग्लैंड ने जोरदार वापसी करते हुए दूसरे मैच में जीत दर्ज कर ली. कार्डिफ में 12 साल बाद खेले गए भारत-इंग्लैंड के वनडे मैच में मेजबान इंग्लैंड ने 4 विकेट से जीत दर्ज की. स्टार बल्लेबाज जो रूट की शानदार पारी की मदद से इंग्लैंड ने भारत से मिले 234 रन के आसान लक्ष्य को हासिल कर लिया और सीरीज को 1-1 से बराबर कर लिया. हालांकि इंग्लैंड को यहां तक पहुंचने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी लेकिन रूट आखिर में असली अंतर साबित हुए, जो 99 रन पर नाबाद लौटे.

कोहली-अय्यर के अर्धशतक, बाकी बल्लेबाज फेल

कार्डिफ में गुरुवार 16 जुलाई को खेले गए वनडे सीरीज के इस मुकाबले में टीम इंडिया की बल्लेबाजी बिल्कुल बेअसर रही. पिछले मैच के स्टार रहे कप्तान शुभमन गिल (31) ने तेज शुरुआत के बाद आउट हो गए, जबकि रोहित शर्मा (26) लगातार दूसरे मैच में काफी संघर्ष करते नजर आए. मगर दूसरी ओर से विराट कोहली ने पिछले मैच की नाकामी को पीछे छोड़कर एक बेहतरीन अर्धशतक जमाया. कोहली ने इस दौरान रोहित के साथ और फिर श्रेयस अय्यर के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की.

मगर जैसे ही कोहली (65) के आउट होने के साथ ये साझेदारी टूटी, भारतीय पारी बिखर गई. कोहली जब आउट हुए, तब टीम का स्कोर 178 रन था लेकिन अगले 6 बल्लेबाज सिर्फ 55 रन जोड़कर आउट हो गए. इसमें भी 18 रन तो एक ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने बटोरे थे. अय्यर ने भी अर्धशतक जमाया और 66 रन बनाए. टीम इंडिया का ये हाल करने में सबसे बड़ी भूमिका जोफ्रा आर्चर ने निभाई, जिन्होंने कोहली समेत 3 विकेट लिए. वहीं गस एटकिंसन को भी 3 और साकिब महमूद को 2 विकेट मिले.

अकेले जो रूट ने छीन ली जीत

टीम इंडिया ने स्कोर को डिफेंड करने की शुरुआत शानदार अंदाज में की जब पहली ही गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने बेन डकेट को आउट कर दिया. फिर चौथे ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने दूसरे ओपनर जैकब बैथेल को पवेलियन लौटा दिया. यहीं से जो रूट क्रीज पर जम गए और धीरे-धीरे स्कोर को आगे बढ़ाते रहे. इस दौरान दूसरी छोर से बाकी बल्लेबाज आते रहे और छोटा-छोटा योगदान देकर लौटते रहे लेकिन रूट जमे रहे.

एक वक्त पर टीम इंडिया ने सिर्फ 125 रन पर इंग्लैंड के 5 विकेट गिरा दिए थे और यहीं पर भारत के पास मैच को अपने कब्जे में लेने का मौका था. मगर रूट ने मोर्चा संभाला हुआ था और उन्हें साथ मिला विल जैक्स का. दोनों ने मिलकर 72 रन की साझेदारी की और टीम की जीत पक्की कर दी. जैक्स के आउट होने के बाद भी रूट जमे रहे और जीत के साथ ही अपने शतक की ओर बढ़ते रहे. फिर जब इंग्लैंड को जीत के लिए 36 गेंदों में सिर्फ 4 रन चाहिए थे, गस एटकिंसन ने चौका जमा दिया. इंग्लैंड को जीत मिल गई लेकिन रूट 99 रन पर अटके रह गए.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.