IND vs ENG: साथी खिलाड़ी ने ही छीन लिया Joe Root का शतक! 99 पर रह गए नॉटआउट, 17वीं बार हुआ ऐसा
TV9 Bharatvarsh July 17, 2026 10:42 AM

Joe Root 99 Not Out vs India: भारत और इंग्लैंड के बीच कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स मैदान पर खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में मेजबान इंग्लैंड ने टीम इंडिया को 4 विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ ही तीन मैचों की वनडे सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर आ खड़ी हुई है. इंग्लैंड की इस जीत के सबसे बड़े हीरो अनुभवी बल्लेबाज जो रूट रहे, जिन्होंने एक छोर संभालकर टीम को संकट से निकाला. लेकिन इस मुकाबले के अंत में एक अजब-गजब और दिल तोड़ने वाला वाकया देखने को मिला, जब रूट अपने शतक से सिर्फ 1 रन दूर रह गए और उनके साथी खिलाड़ी ने ही मैच खत्म कर दिया.

आखिरी ओवर्स का ड्रामा, कैसे चूका रूट का शतक?

अपने वनडे करियर का 21वां शतक लगाने की दहलीज पर खड़े जो रूट जब 97 रन पर खेल रहे थे, तब इंग्लैंड को जीत के लिए आखिरी 8 ओवरों में सिर्फ 12 रनों की जरूरत थी. 43वें ओवर में, जो कि जसप्रीत बुमराह का आखिरी ओवर था, रूट ने सिंगल लेकर अपना स्कोर 98 रन किया. इसके बाद 44वें ओवर में क्रीज पर मौजूद नंबर-8 के बल्लेबाज गस एटकिंसन ने लगभग पूरा ओवर खुद खेला और आखिरी गेंद पर सिंगल लेकर स्ट्राइक अपने पास रखी.

45वें ओवर की शुरुआत में भारत ने चौके रोकने और रूट को शतक से महरूम रखने के लिए फील्डिंग को पूरी तरह अंदर बुला लिया. प्रसिद्ध कृष्णा ने इस ओवर की शुरुआत एक वाइड से की, जिसके बाद इंग्लैंड को जीत के लिए 3 रन और रूट को शतक के लिए 1 रन की दरकार थी. इसी समय रूट ने नॉन-स्ट्राइकर एंड से दौड़कर एटकिंसन से बात की. लेकिन अगली ही गेंद पर एटकिंसन ने शॉट खेल दिया और गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाकर इंग्लैंड को 35 गेंद रहते जीत दिला दी. इस चौके के साथ गस एटकिंसन तो 23 रन पर नाबाद लौटे, लेकिन जो रूट 99 रन पर ही फंसे रह गए.

वनडे क्रिकेट इतिहास में बना अनोखा रिकॉर्ड

इस पारी के साथ जो रूट के नाम एक ऐसा अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है, जो किसी भी बल्लेबाज के साथ बहुत कम होता है. जो रूट वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में 99 रन पर नॉटआउट रहने वाले इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. वहीं अगर सभी फॉर्मेट्स को मिला लिया जाए, तो वह ऐसा करने वाले इंग्लैंड के छठे खिलाड़ी हैं. दुनिया भर के तमाम देशों के वनडे क्रिकेट इतिहास पर नजर डालें, तो जो रूट वर्ल्ड के सिर्फ 17वें ऐसे खिलाड़ी हैं, जो 99 के स्कोर पर नाबाद पवेलियन लौटे हैं.

मैच के बाद जो रूट ने किया बड़ा खुलासा

भले ही फैंस गस एटकिंसन के इस शॉट से सोशल मीडिया पर हैरान हों, लेकिन खुद जो रूट को इस बात का कोई मलाल नहीं है. मैच खत्म होने के बाद जो रूट ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने खुद गस एटकिंसन के पास जाकर उनसे कहा था कि वो उनके शतक की चिंता बिल्कुल न करें और सिर्फ मैच जिताने पर ध्यान दें. रूट की यह खेल भावना दिखाती है कि उनके लिए निजी रिकॉर्ड से ज्यादा टीम की जीत मायने रखती है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.