राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 से 25 जुलाई तक मोल्दोवा, उत्तरी मकदूनिया और रोमानिया की राजकीय यात्रा करेंगी. विदेश मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रपति की तीन देशों की यात्रा यूरोप के साथ भारत के व्यापक जुड़ाव और यूरोपीय संघ (EU) के साथ रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाती है. विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बताया कि तीन देशों की यह यात्रा ऐतिहासिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा गणराज्य और उत्तरी मकदूनिया गणराज्य की पहली द्विपक्षीय यात्रा है.
मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू की रोमानिया यात्रा तीन दशक से अधिक समय में किसी भारतीय राष्ट्रपति का इस देश का पहला राजकीय दौरा होगा. रोमानिया की राष्ट्रपति स्तर की यात्रा 32 साल बाद हो रही है. पिछली यात्रा 1994 में तत्कालीन राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा ने की थी.
यूरोप के साथ भारत का बढ़ता जुड़ावसिबी जॉर्ज ने कहा कि तीन देशों की यह यात्रा मिडिल और ईस्ट यूरोप के साथ भारत के बढ़ते जुड़ाव को दिखाता है और इस क्षेत्र के देशों के साथ अपनी साझेदारी को मजबूत करने के हमारे संकल्प को फिर से दोहराती है. यह यूरोप के साथ भारत के जुड़ाव और यूरोपीय संघ के साथ रणनीतिक साझेदारी को भी आगे बढ़ाती है.
भारतीय राष्ट्रपति का मोल्दोवा का पहला दौराराष्ट्रपति मुर्मू मोल्दोवा की राष्ट्रपति माया संदू के निमंत्रण पर 20 जुलाई को इस पूर्वी यूरोपीय देश की यात्रा करेंगी. यह किसी भारतीय राष्ट्रपति का मोल्दोवा का पहला दौरा होगा. अपनी यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति मुर्मू अपने समकक्ष से मुलाकात करेंगी और प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगी. वह मोल्दोवा गणराज्य की संसद के अध्यक्ष इगोर ग्रोसु से भी मुलाकात करेंगी. विदेश मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू मोल्दोवा-भारत संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से भी बातचीत करेंगी, एक बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगी और प्रवासी भारतीयों से भी मिलेंगी.
उत्तरी मकदूनिया का दौरा करेंगी राष्ट्रपतिउत्तरी मकदूनिया की राष्ट्रपति गोर्डाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा के निमंत्रण पर, राष्ट्रपति मुर्मू 21 और 22 जुलाई को इस देश का दौरा करेंगी. विदेश मंत्रालय ने बताया कि किसी भारतीय राष्ट्रपति का उत्तरी मकदूनिया का यह पहला दौरा होगा. मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू, राष्ट्रपति दावकोवा के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी, प्रधानमंत्री ह्रिस्टिजन मिकोस्कोवस्की और संसद के अध्यक्ष से मुलाकात करेंगी और उत्तरी मकदूनिया की संसद को संबोधित करेंगी. वह भारत-उत्तरी मकदूनिया बिजनेस फोरम को भी संबोधित करेंगी.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्षों की एग्रीकल्चर, फार्मास्यूटिकल्स, साइंस और टेक्नोलॉजी, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और इससे जुड़ी सेवाएं जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में आर्थिक संबंध मजबूत करने में गहरी रुचि है.
23 को रोमानिया जाएंगी राष्ट्रपति मुर्मूविदेश मंत्रालय के अनुसार, रोमानिया के राष्ट्रपति निकुसोर डैन के निमंत्रण पर मुर्मू 23 से 25 जुलाई तक इस देश की यात्रा करेंगी. तीन दशक से भी अधिक समय के बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति का इस दक्षिण-पूर्वी यूरोपीय देश का पहला दौरा होगा. राष्ट्रपति मुर्मू भारत-रोमानिया बिजनेस फोरम को भी संबोधित करेंगी और प्रवासी भारतीयों से बातचीत करेंगी.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि रोमानिया यूरोपीय संघ में एक अहम साझेदार है और भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के पूरा होने से आगामी वर्षों में दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी और मजबूत होगी.
राष्ट्रपति की यात्रा की अहम बातें