Jamui News: बिहार के जमुई जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. जिले में तैनात एक दरोगा पर युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में साथ रखने से इनकार करने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है. वहीं, आरोपी दरोगा ने शादी करने के आरोप से इनकार करते हुए सभी आरोपों को गलत बताया है. आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है.
पीड़िता मुंगेर जिले की रहने वाली है. उसका आरोप है कि उसकी पहचान करीब एक साल पहले फेसबुक के माध्यम से चंद्रदीप थाना में तैनात दरोगा कुंदन कृष्णा से हुई थी. बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बना और 13 फरवरी 2026 को मुंगेर के चंडिका स्थान मंदिर में शादी की.
अलग-अलग होटलों में शारीरिक संबंध बनाने का आरोपपीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद दरोगा उसे मुंगेर और बेगूसराय के अलग-अलग होटलों में बुलाता रहा और करीब 6 महीने तक शारीरिक संबंध बनाए. जब भी वह साथ रहने की बात करती, वह स्थायी रूप से कमरा लेने का आश्वासन देकर बात टाल देता.
शादी के बाद साथ रहने के इनकार का भी आरोपयुवती का कहना है कि बाद में जब दरोगा की पोस्टिंग जमुई जिले के चंद्रदीप थाना में हुई तो वह वहां पहुंची. कुछ समय तक उसने अपने किराए के कमरे में रखा, लेकिन बाद में कथित तौर पर यह कहकर साथ रखने से इनकार कर दिया कि दोनों अलग-अलग जाति के हैं. पीड़िता का आरोप है कि दरोगा ने उसे पांच लाख रुपये लेकर रिश्ता खत्म करने का प्रस्ताव भी दिया. विरोध करने पर उसे जबरन चंद्रदीप थाना ले जाया गया, जहां उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और धमकाकर भगा दिया गया.
पीड़िता ने लगाई SP से न्याय की गुहारपीड़िता ने जमुई एसपी को शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. वहीं इस मामले में दरोगा कुंदन कृष्णा ने सभी आरोपों को निराधार बताया है. उनका कहना है कि उन्होंने युवती से शादी नहीं की है और उन पर लगाए गए आरोप गलत हैं. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए फिलहाल वह इस मामले में अधिक कुछ नहीं कह सकते. शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है.
(रिपोर्ट – शिवम/ जमुई)
ये भी पढ़ें – स्कूल वैन की छत पर बैठाए छात्र, फिर दौड़ाई गाड़ी… Video वायरल