Bhopal News:मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के गौतम नगर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. खेलते-खेलते सिलाई मशीन का तेल पी लेने से डेढ़ साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई. बच्ची पिछले करीब एक महीने से अपनी मां के साथ नाना के घर रह रही थी. घटना के बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद वे राजी हो गए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
गौतम नगर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर के अनुसार, मृत बच्ची हानिया खान के पिता इमरान खान लखनऊ में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं. उनकी पत्नी जुड़वां बच्चों को लेकर कुछ समय पहले भोपाल के करीम बख्श कॉलोनी स्थित अपने मायके आई थीं.
सिलाई मशीन में डाले जाने वाली तेल पी ली16 जुलाई की रात बच्ची की मां सिलाई मशीन पर काम कर रही थीं. उसी दौरान दोनों बच्चे पास में खेल रहे थे. खेलते-खेलते हानिया ने सिलाई मशीन के तेल की शीशी उठा ली और उसमें रखा तेल पी लिया. शुरुआत में किसी को इस बात का पता नहीं चला.
दो दिन सुधार के बाद बिगड़ी तबीयतकुछ देर बाद बच्ची की तबीयत अचानक खराब होने लगी. परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया. शुरुआती दो दिनों तक उसकी हालत में सुधार दिखाई दिया, लेकिन बाद में उसकी तबीयत फिर से गंभीर हो गई.
18 जुलाई को अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी. इलाज के दौरान 19 जुलाई की रात मासूम ने दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे, लेकिन पुलिस द्वारा कानूनी प्रक्रिया समझाने के बाद वे सहमत हो गए. इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी.
चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, सिलाई मशीन का तेल हाइड्रोकार्बन श्रेणी का पदार्थ होता है. यदि कोई बच्चा इसे पी ले, तो सबसे बड़ी गलती उसे जबरन उल्टी करवाना होती है. उल्टी के दौरान तेल सांस की नली के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकता है, जिससे केमिकल निमोनाइटिस या फेफड़ों में गंभीर सूजन हो सकती है. यह स्थिति कई बार जानलेवा साबित होती है.