Latest News Today Live Updates in Hindi : जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी है। अभिजीत दिपके की पार्टी ने मांगा पीएम मोदी का इस्तीफा। पल पल की जानकारी...
सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन समरदुंग (झोलुंगे) सुरंग में हुए हादसे से हड़कंप मच गया। सुरंग के भीतर मीथेन गैस रिसाव और उसके बाद हुए भूस्खलन के कारण 7 लोगों की मौत हो गई। कई मजदूरों के सुरंग में फंसे होने की आशंका है। टनल से मजदूरों का निकालने का अभियान जारी है।
AAP सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा में कामकाज रोकने का नोटिस दिया है। इसमें NEET-UG प्रश्न पत्र लीक, सार्वजनिक परीक्षा प्रणाली की विफलता, प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और सोनम वांगचुक की सेहत पर चर्चा करने की मांग की गई है।
जंतर मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन जारी। बारिश की वजह से रातभर मंच के नीचे डटे रहे प्रदर्शनकारी। कॉकरोच जनता पार्टी अब शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की भी मांग कर रही है।
शंभू बॉर्डर (पंजाब-हरियाणा बॉर्डर) पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। भारत-अमेरिका FTA के विरोध में किसानों के आज दिल्ली तक एक दिन के मार्च से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी है।
-कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने लोकसभा में "हमारी राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली में गंभीर और जारी संकट पर चर्चा करने के लिए" स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।
-कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में नए दल-बदल विरोधी कानून की ज़रूरत पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।
-कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने राज्यसभा में नियम 267 के तहत कामकाज रोकने का नोटिस दिया है और NEET UG 2026 पेपर लीक मामले पर चर्चा की मांग की है।
अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, मैं अपने सभी समर्थकों से, विशेषकर उन युवा महिलाओं से, जिनके साथ पुरुष पुलिसकर्मियों ने बेहद क्रूरता से मारपीट की, दिल से क्षमा मांगता हूं। हमें इससे बेहतर करना चाहिए था। मुझे आपको उन अमानवीय कार्रवाइयों से बचाने के लिए और बेहतर प्रयास करना चाहिए था, जिन्हें हम दिल्ली पुलिस द्वारा किया गया मानते हैं।
उन्होंने कहा कि एक मंत्री, धर्मेंद्र प्रधान, को बचाने के लिए सरकार अनेक और युवा छात्रों को पीड़ा झेलने देने के लिए तैयार थी। शिक्षा और जवाबदेही की मांग करने वाले किसी भी व्यक्ति को हिंसा का सामना नहीं करना चाहिए। यदि आप इस कार्रवाई में घायल हुए हैं और यह संदेश पढ़ रहे हैं, तो कृपया मुझे डायरेक्ट मैसेज (DM) करें। मैं आपसे व्यक्तिगत रूप से बात करना चाहता हूं और आपसे क्षमा मांगना चाहता हूं।
यह घटना हमारे संकल्प को कमजोर नहीं करेगी। हम न्याय, जवाबदेही और हर छात्र की आवाज सुने जाने के अधिकार के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे।
दिल्ली पुलिस ने अब तक कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन, पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन और अन्य पुलिस स्टेशनों में 5 FIR दर्ज की हैं। अभी और FIR दर्ज होने की संभावना है। CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है।CJP ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर से संसद मार्च के दौरान अभिजीत दिपके, सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि, शबाना आजमी और प्रकाश राज मौजूद ट्रक पर पुलिस ने हमला किया। दिल्ली पुलिस ने वायरल दावों को गलत बताते हुए अब तक 5 FIR दर्ज होने और CCTV से आरोपियों की पहचान किए जाने की जानकारी दी।
ALSO READ: CJP का दावा- अभिजीत दिपके, गीतांजलि, शबाना आजमी और प्रकाश राज वाले ट्रक पर पुलिस ने किया हमला
मानसून सत्र के दूसरे दिन संसद के दोनों सदनों में विपक्ष का हंगामा। लोकसभा और राज्यसभा की कार्रवाई दोपहर 12 बजे तक स्थगित।नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) की संसदीय दल की बैठक 'मंगल मिलन' में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "... प्रधानमंत्री ने सभी को मार्गदर्शन दिया... यह बैठक बहुत सार्थक रही। प्रधानमंत्री ने कई अहम मुद्दों पर बात की और अपना मार्गदर्शन दिया। उन्होंने हाल के महीनों में देश की कामयाबियों का ज़िक्र किया और अलग-अलग देशों के साथ हुए FTA के बारे में बात की। इन समझौतों को लेकर प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी, उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि उन्हें कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी देश के साथ होने वाले FTA में किसानों का कल्याण सबसे अहम होता है, ताकि ये समझौते किसानों और देश, दोनों के ही सर्वोत्तम हितों को पूरा कर सकें।"
रिजिजू ने कहा कि NEET परीक्षा के बारे में प्रधानमंत्री ने बताया कि गड़बड़ी की खबरें मिलने पर सरकार ने तुरंत कार्रवाई की, तेरह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसके अलावा, छात्रों के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए, बिना किसी देरी के दोबारा परीक्षा कराई गई और नतीजे घोषित किए गए। उन्होंने भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए उठाए जा रहे कड़े कदमों के बारे में भी बताया... उन्होंने दोषियों को सज़ा देने और मिलकर एक ऐसी व्यवस्था बनाने पर ज़ोर दिया जिसमें कोई कमी न हो।