Aurangabad Crime News: बिहार के औरंगाबाद जिला मुख्यालय स्थित नगर थाना क्षेत्र में एक बेहद खौफनाक घटना घटी है. नेपाल की रहने वाली एक विवाहिता के साथ सिंचाई कॉलोनी के पास स्थित एक सुनसान जर्जर भवन में सामूहिक दुष्कर्म किया गया. इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला को सौ रुपये का नोट देकर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो बालिग आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है.
पीड़िता के अनुसार, वह मूल रूप से नेपाल की रहने वाली है और करीब तीन साल पहले उसकी शादी एक चाय बेचने वाले व्यक्ति से हुई थी. पीड़िता ने बताया कि 21 जुलाई की शाम करीब 5 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ी थी. इसी दौरान उसी के मोहल्ले का रहने वाला 15 वर्षीय नाबालिग आया और बच्चे को घुमाने का बहाना बनाकर उसे अपने ई-रिक्शा (टोटो) में बैठा लिया. टोटो में पहले से दो युवक- जीतू उर्फ पाली (राकेश कुमार) और अभिषेक कुमार सवार थे. दोनों औरंगाबाद में ही टोटो चलाते हैं.
जर्जर भवन में दिया वारदात को अंजाम, बच्चे को दिया मोबाइल
आरोपी महिला और उसके बच्चे को लेकर पहले बाईपास की ओर गए और फिर औरंगाबाद लौट आए. सोन कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के पास एक पुराने जर्जर भवन में तीनों आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की और जबरन शारीरिक संबंध बनाया. वारदात के दौरान आरोपी महिला के छोटे बच्चे का रोना बंद कराने के लिए उसे मोबाइल फोन देकर चुप रखे हुए थे. दरिंदगी के बाद आरोपी महिला को पानी की टंकी के पास छोड़कर फरार हो गए. जाते समय वो पीड़िता के मुंह पर 100 रुपये फेंककर गए.
ये भी पढ़ें: 31 मई जैसा मर्डर पैटर्न 20 जुलाई को भी किसने दिया मुजफ्फरपुर में दंपति के हत्या का कांट्रैक्ट? अब तक 6 हिरासत में; किलर की तलाश तेज
2 आरोपी जेल भेजे गए, नाबालिग बाल सुधार गृह भेजा गया
घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी शुरू की. गिरफ्तार बालिग आरोपियों की पहचान महुआ शहीद मोहल्ला निवासी राकेश कुमार (पुत्र दुखहरण राम) और नवादा निवासी अभिषेक कुमार (पुत्र सुधीर साव) के रूप में हुई है. पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और अदालत में उसके बयान दर्ज कराए. नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार दो आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है, जबकि नाबालिग को सुरक्षित स्थान (बाल सुधार गृह) भेजा गया है. इस मामले में स्पीडी ट्रायल के तहत आरोपियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी.