Jan Neta: एडवांस बुकिंग में थलपति विजय की जन नेता की दहाड़, 2026 की इन 5 फिल्मों को चटाई धूल
TV9 Bharatvarsh July 23, 2026 10:43 PM

Jana Nayagan Advance Booking: तमिलनाडु के सीएम थलपति विजय की आखिरी फिल्म जन नेता सिनेमाघरों में रिलीज कर दी गई है. पिछले 7 महीनों से ये फिल्म रिलीज का इंतजार कर रही थी और अब आखिरकार इसने दस्तक दे दी है. एडवांस बुकिंग में ही इस फिल्म को काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. सबसे ज्यादा फायदा इस फिल्म के तमिल वर्जन को ही मिल रहा है. वहीं हिंदी में फिल्म को लेकर ठीक-ठाक उत्साह नजर आ रहा है. आइए जानते हैं कि इस फिल्म की फाइनल एडवांस बुकिंग के आंकड़े क्या कहते हैं.

जन नेता के कुल 10.5 लाख टिकट्स बिके हैं जो बताता है कि फिल्म को लेकर देशभर में कैसा क्रेज देखने को मिला है. वहीं फिल्म के तमिल वर्जन को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है जिसके 9.76 लाख टिकट्स बिके हैं. वहीं फिल्म के तेलुगु वर्जन के 22 हजार टिकट्स बिक चुके हैं. हिंदी वर्जन की बात करें तो एडवांस बुकिंग में हिंदी वर्जन के कुल 7.5 हजार टिकट्स बिके हैं. कमाई की बात करें तो जन नेता ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर एडवांस बुकिंग से ही 22.26 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. तमिल नाडु से फिल्म ने एडवांस बुकिंग के मामले में 12.27 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. वहीं दूसरी तरफ करनाटक से फिल्म ने 5.96 करोड़ रुपये कमाए हैं. वहीं केरल से फिल्म ने 2.02 करोड़ का कलेक्शन एडवांस बुकिंग से कर लिया है.

पहले दिन कितना कमाएगी जन नेता?

जन नेता की बात करें तो पहले दिन इस फिल्म के अच्छे-खासे कलेक्शन की उम्मीद लगाई जा रही है. ऐसा माना जा रहा है कि ये फिल्म ओपनिंग डे पर शतक लगा सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत में ये फिल्म 55-60 करोड़ रुपये तक कमा सकती है. वहीं इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 100 करोड़ रुपये पार कर सकता है. देखने वाली बात होगी कि फिल्म अपने पहले वीकेंड और पहले हफ्ते कितना कमाती है और बॉक्स ऑफिस पर कौन-कौन से रिकॉर्ड सेट करती है.

ये भी पढ़ें- Jan Neta Fees: जन नेता के लिए थलपति विजय ने लिए 220 करोड़? बॉबी देओल-पूजा हेगड़े को मिली बस इतनी सी फीस

जन नेता फिल्म की बात करें तो इसमें थलपति विजय लीड रोल में हैं और थलपति वेत्री कोंडन नाम के एक आईपीएस अधिकारी की भूमिका में नजर आए हैं. फिल्म में उनके अपोजिट पूजा हेगड़े लीड एक्ट्रेस के रोल में हैं. वहीं बॉबी देओल इस फिल्म में मुख्य विलेन की भूमिका में नजर आए हैं. इसमें ममिता बैजू, प्रकाश राज, प्रियामणि, रेवती और बाबा भास्कर जैसे कलाकार भी हैं. 23 जुलाई 2026 को फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज कर दी गई है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.