अपने दिमाग का कितना इस्तेमाल करते हैं हम लोग? हकीकत जान लेंगे तो आएगी शर्म
एबीपी लाइव July 24, 2026 01:12 AM

हमारा दिमाग शरीर का सबसे जरूरी अंग माना जाता है. सोचने, समझने, याद रखने और फैसले लेने जैसे कई काम इसी की मदद से होते हैं. लेकिन आज भी दिमाग को लेकर लोगों के बीच कई ऐसी बातें हैं, जिन्हें बिना सोचे-समझे सच मान लिया जाता है. वर्ल्ड ब्रेन डे के मौके पर जानते हैं ऐसी ही कुछ आम गलतफहमियों के बारे में, जिनकी सच्चाई हर किसी को पता होनी चाहिए.

क्या इंसान अपने दिमाग का सिर्फ 10% इस्तेमाल करता है?

यह बात कई सालों से सुनने को मिलती है कि इंसान अपने दिमाग का सिर्फ 10 फीसदी हिस्सा ही इस्तेमाल करता है. लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह सही नहीं है. दिमाग का हर हिस्सा किसी न किसी काम के लिए बना है. यहां तक कि जब हम सो रहे होते हैं, तब भी दिमाग पूरी तरह बंद नहीं होता.

क्या दिमाग की देखभाल सिर्फ बुजुर्गों को करनी चाहिए?

कई लोग सोचते हैं कि ब्रेन हेल्थ की चिंता बढ़ती उम्र में करनी चाहिए. जबकि ऐसा नहीं है. कम उम्र में अपनाई गई अच्छी आदतें आगे चलकर दिमाग को स्वस्थ रखने में मदद करती हैं. रोज व्यायाम करना, अच्छी नींद लेना और तनाव कम रखना हर उम्र में जरूरी है.

क्या बार-बार भूलना हमेशा बीमारी की निशानी है?

अगर कभी-कभी कोई नाम या चीज भूल जाएं, तो हर बार घबराने की जरूरत नहीं होती. ऐसा तनाव, नींद पूरी न होने या ज्यादा काम की वजह से भी हो सकता है. लेकिन अगर भूलने की समस्या लगातार बढ़ रही हो और रोज करने वालों के कामों पर असर पड़ने लगे, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर रहेगा.

क्या सिर्फ ब्रेन गेम खेलने से दिमाग तेज हो जाता है?

सुडोकू, पहेलियां और ब्रेन गेम खेलना अच्छी बात है, लेकिन सिर्फ इन्हीं के भरोसे दिमाग स्वस्थ नहीं रह सकता. इसके साथ अच्छी डाइट, व्यायाम, भरपूर नींद और नई चीजें सीखने की आदत भी जरूरी है.

क्या खाने-पीने का दिमाग से कोई संबंध नहीं है?

कुछ लोग मानते हैं कि खाना सिर्फ शरीर के लिए जरूरी है, लेकिन इसका असर दिमाग पर भी पड़ता है. अच्छा और संतुलित खाना दिमाग को स्वस्थ रखने में मदद करता है. हालांकि सिर्फ एक चीज खाने से कोई चमत्कार नहीं होता. अच्छी लाइफस्टाइल सबसे ज्यादा जरूरी होती है.

दिमाग को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें?

अगर आप लंबे समय तक अपने दिमाग को स्वस्थ रखना चाहते हैं, तो रोज थोड़ा व्यायाम करें, पर्याप्त नींद लें, संतुलित भोजन करें, नई चीजें सीखते रहें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लेने में देरी न करें. छोटी-छोटी अच्छी आदतें भविष्य में बड़ा फायदा दे सकती हैं.

यह भी पढ़े: Excessive Screen Time: मोबाइल की लत बना रही है 'Smartphone Brain' का शिकार! युवाओं में बढ़ रहे ये लक्षण

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.