Daily Rashifal 2026: चंद्रदेव आज तुला राशि छोड़कर वृश्चिक राशि में आ गए हैं, यानी अब वे अनुराधा नक्षत्र में विराजमान हैं. वृश्चिक को चंद्रमा की नीच राशि माना जाता है, तो जाहिर है आज मन में थोड़ी उथल-पुथल महसूस हो सकती है, लेकिन घबराने की बात नहीं क्योंकि वृश्चिक के स्वामी मंगलदेव खुद चंद्रमा से केंद्र में बैठे हैं, तो इससे कुछ राहत जरूर मिलेगी. साथ ही, बुधदेव आज अपनी राशि मिथुन में वक्री चाल छोड़कर मार्गी हो गए हैं, अब बातचीत, रुके हुए फैसले और अटके काम आगे बढ़ेंगे.
कुल मिलाकर बुध के मार्गी होने से आज लगभग हर राशि को राहत मिलेगी, बस मिथुन, कन्या और वृश्चिक वालों के लिए यह दिन थोड़ा ज्यादा खास है. चंद्रमा की नीच अवस्था की वजह से मेष, तुला और वृश्चिक राशि वालों को आज भावनाओं पर थोड़ा काबू रखना होगा.
मेष राशिमेष वालों, आज का दिन आपको खोजबीन और शोध की तरफ खींचेगा, इसकी वजह है चंद्रमा का आपके आठवें भाव में नीच राशि में बैठना. भावनाएं आज कुछ ज्यादा ही संवेदनशील रह सकती हैं, तो किसी भी विषय पर तुरंत प्रतिक्रिया देने से बचें. अच्छी खबर यह है कि बुधदेव के मार्गी होते ही घर से जुड़ी अटकी बातचीत और पेंडिंग काम आगे बढ़ने लगेंगे, बस गुरु के अस्त होने की वजह से असर एकदम से नहीं, धीरे-धीरे दिखेगा. पैसों के मोर्चे पर लग्नेश मंगल धन भाव में मजबूती से टिके हैं, तो आपका मन शांत रहेगा. फिर भी कोई नया निवेश आज टाल ही दें तो बेहतर. सुबह-सुबह शिवलिंग पर कच्चा दूध चढ़ाना आज खास फायदेमंद रहेगा.
वृषभ राशिवृषभ राशि वालों के लिए आज साझेदारी और पब्लिक डीलिंग का दिन है. चंद्रमा और मंगल दोनों मिलकर व्यक्तित्व में एक ठोस स्थिरता ला रहे हैं. बुध के मार्गी होते ही क्लाइंट और कॉन्ट्रैक्ट से जुड़ी बातचीत साफ होने लगेगी, बस लंबी अवधि के किसी अनुबंध पर दस्तखत करने से पहले बारीकी से हर शर्त पढ़ लें. घर के भाव में चंद्रमा नीच राशि में बैठें हैं, इसलिए पारिवारिक मामलों में जरा संभलकर चलें. जीवनसाथी के साथ आज भरोसा गहरा करने पर ध्यान दें. माथे पर सफेद चंदन का तिलक लगाना आज शुभ माना जाएगा.
मिथुन राशिमिथुन राशि वालों के लिए तो आज खासा दिन है, खुद लग्नेश बुधदेव आपकी राशि में वक्री से मार्गी हो गए हैं. इसका सीधा असर सेहत और नौकरी दोनों मोर्चों पर दिखेगा, स्पष्टता वापस लौटेगी. काम की गति अभी नई-नई तेज हुई है तो पूरा असर आने में कुछ दिन लगेंगे, धैर्य रखें. धन भाव में सूर्य-गुरु की युति शुभ तो है, मगर गुरु अस्त होने से फल जल्दी नहीं मिलेगा. परिवार वालों के प्रति आज ज्यादा आलोचनात्मक होने से बचें. बकाया कर्ज की योजना बनाने के लिए दिन अच्छा है. गाय को हरा चारा खिलाना आज शुभ रहेगा.
कर्क राशिकर्क राशि वालों के व्यक्तित्व में आज गरिमा और नेतृत्व की झलक साफ दिखेगी क्योंकि सूर्य-गुरु की युति सीधे लग्न पर विराजमान है. बेशक गुरु अस्त हैं तो असर तुरंत नहीं, थोड़ी देर में दिखेगा इसलिए धैर्य बनाए रखें. योगकारक मंगल लाभ भाव में मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं, आमदनी के रास्ते और पुख्ता होंगे. चंद्रमा धन भाव में होने से आय-खर्च का हिसाब आज साफ नजर आएगा. बच्चों के साथ आज खास वक्त बिताएं. चावल या दूध जैसी सफेद चीज दान करना आज शुभ रहेगा.
सिंह राशिसिंह राशि वालों, आज शुक्र और केतु दोनों आपके लग्न पर बैठे हैं, इसलिए आकर्षण और आत्मविश्वास चरम पर रहेगा. मगर लग्नेश सूर्य एकांत भाव में अस्त गुरु के साथ युति में हैं, तो सलाह यही है कि दिखावे से ज्यादा भीतरी और शांति से काम करने पर फोकस करें. योगकारक मंगल करियर भाव में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दे रहे हैं. भाई-बहन और पड़ोसियों से रिश्ता आज मजबूत करें. सुबह जल में लाल चंदन मिलाकर सूर्यदेव को अर्पित करना आज लाभकारी रहेगा.
कन्या राशिकन्या राशि वालों के लिए आज धन और परिवार में तालमेल बैठाने का दिन है, चंद्रमा धन भाव में संतुलित है, और गुरु लाभ भाव में शुभ स्थिति में बैठे हैं. लग्नेश बुध करियर भाव में आज मार्गी तो हुए हैं, पर असर स्थिर होने में अभी कुछ दिन लगेंगे, इसलिए करियर से जुड़े बड़े फैसले जल्दबाजी में न लें. वाणी में आज खास मिठास रहेगी. विश्लेषणात्मक क्षमता आज आपकी सबसे बड़ी ताकत साबित होगी, पेंडिंग काम आसानी से निपटेंगे. गणेश जी को मोदक या लड्डू का भोग लगाना आज शुभ रहेगा.
तुला राशितुला राशि वालों के लिए लाभ और सोशल सर्कल के लिहाज से आज का दिन बढ़िया रहेगा, लग्नेश शुक्र अपनी ही नक्षत्र में लाभ भाव में शुभ स्थिति में हैं. बुध के मार्गी होते ही पैसों और परिवार से जुड़ी उलझी बातें आज साफ होने लगेंगी. चंद्रमा लाभ भाव में नीच राशि में है, तो वित्तीय या सामाजिक मामलों में भावनाओं में बहकर फैसला लेने से बचें, और फैसला टालने की पुरानी आदत से भी आज सावधान रहें. शाम को जीवनसाथी के साथ कहीं बाहर निकलने की योजना बनाएं. माथे पर सफेद चंदन का तिलक लगाना आज शुभ रहेगा.
वृश्चिक राशिवृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन खासा अहम है, चंद्रमा सीधे आपकी ही राशि यानी लग्न पर बैठें हैं, जिससे व्यक्तित्व में एक गहराई और सहज आकर्षण उभर कर आएगा. लग्नेश मंगल चंद्रमा से केंद्र में हैं, तो कुछ संतुलन बना रहेगा. बुधदेव के मार्गी होने से आज कोई भी नई शुरुआत, नया करार या बड़ा फैसला लेना शुभ माना जाएगा. सिर में हल्का भारीपन महसूस हो तो थोड़ा आराम कर लें. जीवनसाथी के साथ अनुशासन और सहयोग से रिश्ता और मजबूत करें. हनुमानजी को लाल फूल चढ़ाकर ‘ॐ हनुमते नमः’ का जाप करना आज लाभकारी रहेगा.
धनु राशिधनु राशि वालों के लिए आज पुरानी उलझनों को सुलझाने का वक्त आ गया है, लग्नेश गुरु भले उच्च राशि में हों, पर सूर्य के करीब होने से अस्त बने हुए हैं, तो छुपे भाव से जुड़े शुभ फल धीरे-धीरे ही सामने आएंगे. बुधदेव के मार्गी होते ही दिमाग में चल रही पुरानी उलझनें सुलझने लगेंगी. मंगल सेहत भाव में क्रमिक गति से बढ़ रहे हैं, शरीर में ऊर्जा स्थिर बनी रहेगी. विदेश से कोई शुभ खबर मिल सकती है. जीवनसाथी के साथ रिश्ते में आज गहरा सुकून महसूस होगा. सत्य का साथ दें, ज्ञान अर्जित करते रहें.
मकर राशिमकर राशि वालों के लिए साझेदारी के मामलों में आज सुखद संकेत हैं, सूर्य-गुरु की युति साझेदारी भाव में है, और योगकारक शुक्र अपनी नक्षत्र में शुभ स्थिति में बैठे हैं. बुधदेव के मार्गी होते ही कोई पुरानी इच्छा आज पूरी हो सकती है. चंद्रमा साझेदारी भाव में नीच राशि में है, इसलिए भावनात्मक सतर्कता जरूरी है, और बड़े फैसले किसी और के दबाव में लेने से बचें. जीवनसाथी के साथ रिश्ते में आज सामंजस्य महसूस होगा. शनिदेव को सरसों के तेल का दीपक जलाना आज शुभ रहेगा.
कुंभ राशिकुंभ राशि वालों के लिए जीवनसाथी और साझेदारी के मामले में आज सुखद दिन है, योगकारक शुक्र साझेदारी भाव में अपनी नक्षत्र में शुभ स्थिति में हैं. बुधदेव के मार्गी होते ही करियर की बाधाएं दूर होने लगेंगी, और सरकारी काम में भी लाभ मिल सकता है. चंद्रमा सेहत भाव में नीच राशि में है, तो नई दिनचर्या शुरू करने में जल्दबाजी न करें. लग्नेश शनि धन भाव में अनुशासित सोच दे रहे हैं. पिता का पूरा सहयोग आज मिल सकता है. किसी बेसहारा व्यक्ति का अपमान न करें.
मीन राशिमीन राशि वालों के लिए रचनात्मक कामों के लिहाज से आज का दिन शुभ रहेगा, लग्नेश गुरु उच्च राशि में होकर समग्र आर्थिक आधार को मजबूत बनाए हुए हैं, बस अस्त होने से फल में देरी होगी. चंद्रमा रचनात्मकता और प्रेम भाव में नीच राशि में है, तो भावनात्मक संवेदनशीलता बनी रह सकती है, बड़े फैसले आज धैर्य से ही लें. शनिदेव लग्न में लगभग स्थिर होकर आत्म-अनुशासन दे रहे हैं. रिश्तों में आज स्पष्ट और ठोस बातचीत हो सकती है. घर के ईशान कोण को आज साफ और खाली रखें.
ये भी पढ़ें-साल 2026 में आपकी किस्मत के सितारे क्या कहते हैं? सभी 12 राशियों का वार्षिक भविष्यफल
नया साल किन मूलांक वालों के लिए रहेगा लकी, किसे करना पड़ेगा स्ट्रगल? अंक ज्योतिष से जानें अपना वार्षिक राशिफल
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र की जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है. किसी भी प्रकार के सुझाव के लिए astropatri.com पर संपर्क करें.