इंग्लैंड की क्रिकेट लीग ‘द हंड्रेड’ शुरू हो चुकी है और इसमें एक साथ महिला और पुरुष इवेंट के मुकाबले खेले जा रहे हैं. अभी सीजन शुरू हुआ ही है और धीरे-धीरे रोमांच बढ़ रहा है. शुरुआती दौर में ही कुछ लाजवाब प्रदर्शन भी देखने को मिल गए हैं, जिसमें 22 साल की गेंदबाज रेयाना मैक्डॉनल्ड-गे ने का नाम भी जुड़ गया है. इंग्लैंड की इस युवा गेंदबाज ने लंदन स्पिरिट के खिलाफ ऐसा कहर बरपाया कि पूरी टीम 80 रन पर ढेर हो गई और मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने आसानी से जीत हासिल कर ली.
रेयाना के कहर से कांपी लंदन स्पिरिटगुरुवार 23 जुलाई को ‘द हंड्रेड विमेंस’ के तीसरे मैच में मैनचेस्टर और लंदन का मुकाबला हुआ. ग्रेस हैरिस, मारिजन काप, नडीन डिक्लर्क, डिएंड्रा डॉटिन और खुद कप्तान चार्ली डीन जैसे इंटरनेशनल क्रिकेट की दिग्गजों से भरी लंदन स्पिरिट से फैंस को बड़ी उम्मीदें रही होंगी. मगर जब ये टीम पहले बैटिंग के लिए उतरी, तो एक-एक कर सारे दिग्गज ढेर हो गए. इसकी वजह बनीं रेयाना मैक्डॉनल्ड.
इंग्लैंड महिला टीम के लिए 2 टेस्ट, 2 वनडे और 1 टी20 मैच खेल चुकी 22 साल की इस मीडियम पेसर ने ऐसा कहर बरपाया कि लंदन के बल्लेबाज बारी-बारी से पवेलियन लौटने लगे. अपने रेयाना को अपने 20 गेंदों का स्पैल भी पूरा करने की जरूरत नहीं पड़ी. उन्होंने सिर्फ 16 गेंदें की और इसमें 17 रन देकर 4 विकेट हासिल कर लिए. उन्होंने जिन बल्लेबाजों को आउट किया, उनमें डिक्लर्क और मारिजन काप जैसी विस्फोटक बल्लेबाज शामिल थीं. इसका ही असर हुआ कि लंदन की टीम 91 गेंदों में सिर्फ 80 रन बनाकर ढेर हो गई.
मंधाना नहीं चलीं लेकिन टीम की जीतरेयाना ने अपना काम कर दिया था, इसके बाद बारी बल्लेबाजों की थी. दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मेग लैनिंग के नेतृत्व वाली मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने सिर्फ 59 गेंदों में ये लक्ष्य हासिल करते हुए जीत दर्ज कर ली. लैनिंग की इसी टीम में भारतीय दिग्गज स्मृति मंधाना भी हैं, जो बड़ी पारी तो नहीं खेल सकीं लेकिन 14 गेंदों में 17 रन बनाकर उन्होंने टीम को सधी शुरुआत दिलाने में मदद की. मैनचेस्टर ने 59 गेंदों में 3 विकेट खोकर 86 रन बनाते हुए जीत दर्ज की. उसके लिए पेज स्कोफील्ड (22 रन, 16 गेंद) और ऋचा घोष (15 रन, 5 गेंद) ने ताबड़तोड़ 29 रन की नाबाद साझेदारी की.