सरकार हमारी मांग पर सहमत, आज कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होगी बैठक, CJP का बड़ा दावा
TV9 Bharatvarsh July 24, 2026 08:42 AM

कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने देर रात बताया कि आज एक चर्चा बुलाई गई है. उन्होंने कहा कि हमें बहुत खुशी है कि सरकार हमारी इस मांग पर सहमत हो गई है कि यह चर्चा किसी न्यूट्रल जगह पर हो. इसके लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया को चुना गया है. इससे पहले सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के अनशन खत्म करने पर CJP ने कहा कि वह जंतर-मंतर पर अपना शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी.

#WATCH | Delhi: Saurav Das, Chief Spokesperson, Cockroach Janta Party, says, “… Tomorrow, a discussion has been called for, we are very happy that the government has agreed to our request that it be at a neutral venue. The Constitution Club of India has been chosen…” pic.twitter.com/OOBnq8bqb7

— ANI (@ANI) July 23, 2026

सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन

नीट पेपर लीक मामले को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने सरकार से आश्वासन मिलने के बाद अपना अनशन खत्म कर दिया है. उन्होंने यह फैसला केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में मुलाकात के बाद लिया. दोनों मंत्रियों ने वांगचुक को सरकार की ओर से आश्वासन दिया.

वांगचुक के अनशन खत्म करने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं सोनम जी से अनुरोध करता हूं कि वह डॉक्टरों की सलाह मानें और अपना वजन फिर से पुरानी स्थिति में लायें, मैं प्रार्थना करता हूं कि वह स्वस्थ रहें.

पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में सुधार पर चर्चा

इससे पहले, जेपी नड्डा ने वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो एवं अन्य लोगों की मौजूदगी में उन्हें सरकार का भरोसा दिलाते हुए कहा, सरकार दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध-प्रदर्शन करने वालों और 20 जुलाई को संसद तक मार्च में शामिल होने वालों के खिलाफ मामले दर्ज न करने को लेकर सकारात्मक रुख अपना रही है.

नड्डा ने कहा कि सरकार पहले ही संसद में पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में सुधार पर चर्चा कराने का आश्वासन दे चुकी है. उन्होंने यह भी कहा कि हाल के नीट प्रश्नपत्र लीक प्रकरणों से जुड़े आत्महत्या के पीड़ितों के परिजनों को उपयुक्त मुआवजा देने के प्रस्ताव पर भी सरकार सकारात्मक रूप से विचार कर रही है.

वांगचुक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, जितेंद्र सिंह और लेह-लद्दाख एपेक्स बॉडी के नेताओं की मौजूदगी में 26 दिन बाद मैंने अपना अनशन समाप्त किया. वांगचुक ने अनशन समाप्त करने के बाद कहा कि विभिन्न शर्तों पर लंबी और गंभीर वार्ताओं के उपरांत तथा देश में संभावित हिंसा की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया.

जंतर-मंतर पर जारी रहेगा प्रदर्शन

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने देर रात कहा कि उन्हें सोनम वांगचुक द्वारा 26 दिन से जारी अनशन समाप्त करने से खुशी हुई है, लेकिन दिल्ली के जंतर-मंतर पर उनका शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते. नीट का पेपर लीक होने के खिलाफ कॉजपा के नेतृत्व में छात्र जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं.

26 दिनों के बाद अनशन खत्म

सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में वांगचुक को उनके असाधारण साहस और त्याग के लिए धन्यवाद दिया. दिपके ने कहा, हमें राहत मिली है और हम आभारी हैं कि सोनम सर ने 26 दिनों के बाद अपना अनशन समाप्त कर दी है. सर, आपके असाधारण साहस और त्याग के लिए आपका धन्यवाद. अपनी जान जोखिम में डालकर आपने पूरे देश की अंतरात्मा को जगाया है. इस देश के लिए आपकी जान बहुत कीमती है. उन्होंने कहा कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक जंतर-मंतर पर सीजेपी का शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.