KBC 18: 1 अगस्त से शुरू होगी 'कौन बनेगा करोड़पति 18' की शूटिंग! अमिताभ बच्चन के शो में क्या होंगे नए बदलाव?
TV9 Bharatvarsh July 24, 2026 11:43 PM

Amitabh Bachchan Show KBC 18: सोनी टीवी का सबसे लोकप्रिय और चर्चित क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ अपने नए और धमाकेदार 18वें सीजन के साथ वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार है. सदी के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर हॉट सीट के सामने अपनी कड़क और रोबदार आवाज में “देवियों और सज्जनों…” कहते नजर आएंगे. मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्मसिटी में एक बेहद खूबसूरत और नई सेट पर 1 अगस्त 2026 से ‘केबीसी 18’ की शूटिंग आधिकारिक तौर पर शुरू होने जा रही है.

शो के इस नए सीजन को मेकर्स एक बिल्कुल नई सोच और रिफ्रेशिंग कॉन्सेप्ट के साथ पेश कर रहे हैं, जिसकी झलक इसके प्रोमो में साफ नजर आ रही है. अक्सर क्विज शोज में माना जाता है कि जो जितनी जल्दी जवाब देगा वही विजेता बनेगा. लेकिन ‘केबीसी 18’ में केवल तेज दिमाग ही नहीं, बल्कि धैर्य और रणनीति भी बेहद जरूरी होगी. इस बार सीजन की नई थीम रखी गई है,”इस बार… सोचना पड़ेगा”.

इस बार… सोचना पड़ेगा

हाल ही में सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन द्वारा टीवी पर जारी किए गए प्रोमो में अमिताभ बच्चन गोल्फ कोर्स के शांत मैदान में खड़े नजर आ रहे हैं. जिंदगी और गोल्फ के बीच तुलना करते हुए बिग बी कहते हैं,”बचपन में हमें सिखाया गया था कि जो पहले जवाब दे, सबसे सही वही है. लेकिन जिंदगी में कई बार, पहला जवाब ही सही नहीं होता. तो इस बार KBC में, जवाब देने से पहले खुद को जरा रोकना पड़ेगा.नहीं समझे? इस बार… सोचना पड़ेगा.”

View this post on Instagram

A post shared by sonytvofficial (@sonytvofficial)

सिर्फ ज्ञान नहीं, रणनीति भी बनाएगी करोड़पति!

शो मेकर्स के मुताबिक, इस नए सीजन में जल्दबाजी में दिए गए जवाबों से ज्यादा तार्किक सोच, पेशेंस और सही फैसले लेने की क्षमता पर ध्यान दिया जाएगा. हॉट सीट पर बैठने वाले कंटेस्टेंट्स को अब हर सवाल का जवाब देने से पहले थोड़ा रुककर सोचने का मौका मिलेगा, क्योंकि जरा सी जल्दबाजी उनकी पूरी गेम बदल सकती है.

कब और कहाँ देखें ‘केबीसी 18’?

अमिताभ बच्चन के इस सुपरहिट शो का प्रीमियर 10 अगस्त 2026 से होने जा रहा है. ये शो हर सोमवार से शुक्रवार रात 9:00 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर ऑन एयर किया जाएगा. इसके अलावा ओटीटी व्यूअर्स इसे ‘सोनी लिव’ ऐप पर भी स्ट्रीम कर सकेंगे.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.