Almora News: अल्मोड़ा जिले के सल्ट ब्लॉक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बांगीधार में छात्रों के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है. स्कूल की भूगोल प्रवक्ता आरजू अफरोज अंसारी पर आरोप है कि उन्होंने अनुशासन के नाम पर कक्षा 12 के पांच छात्रों के बाल कैंची से काट दिए. इतना ही नहीं, छात्रों की स्कूल ड्रेस ब्लेड से फाड़ने और उनकी नोटबुक भी नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है. घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
5 छात्रों के साथ दुर्व्यवहारजानकारी के अनुसार, प्रभावित छात्रों में सौरभ, अनुज नेगी, सूरज बिष्ट, योगेश शर्मा और योगेश जोशी शामिल हैं. आरोप है कि शिक्षिका ने छात्रों के लंबे बाल देखकर पहले उन्हें डांटा और फिर कैंची से बाल काट दिए. साथ ही उनकी स्कूल ड्रेस ब्लेड से फाड़ दी और नोटबुक भी क्षतिग्रस्त कर दी. घटना के बाद छात्र घर पहुंचे तो उन्होंने पूरी जानकारी अपने परिजनों को दी.
ये भी पढ़ें-CJP के मंच पर उत्तराखंड पुलिस के जवान ने दिया इस्तीफा, IG ने कहा- पहले से है सस्पेंड, जेल भी जा चुका
स्कूल में हंगामा, कार्रवाई की मांगघटना की जानकारी मिलते ही अभिभावक, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता स्कूल पहुंच गए. सभी ने स्कूल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. लोगों का कहना था कि अनुशासन बनाए रखने के नाम पर छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जा सकता.
शिक्षिका ने मांगी माफीविवाद बढ़ने के बाद शिक्षिका आरजू अफरोज अंसारी ने स्कूल के प्रधानाचार्य राजेंद्र बगोरिया को लिखित माफीनामा दिया. उन्होंने भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होने का भरोसा भी दिया. इसके बाद वह अवकाश पर चली गईं. वहीं प्रधानाचार्य ने छात्रों की फटी हुई ड्रेस स्कूल की ओर से बनवाने का आश्वासन दिया.
जांच समिति गठितमामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम रिंकू बिष्ट के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है. समिति को 26 जुलाई तक अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं. रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी. दूसरी ओर, सल्ट थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद की ओर से ज्ञापन मिला है, लेकिन अभी तक किसी छात्र या उसके अभिभावक ने पुलिस में एफआईआर दर्ज नहीं कराई है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
(रिपोर्ट- अनिल सनवाल/अल्मोड़ा)