'तुम मेरी जिंदगी की सबसे बदसूरत औरत हो'... अपरा मेहता ने सुनाया पति दर्शन जरीवाला से अलगाव का दर्द
Webdunia Hindi July 25, 2026 04:42 PM

भारतीय टेलीविजन जगत में अपरा मेहता ने सालों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया है। सुपरहिट धारावाहिक 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में सविता मनसुख विरानी का किरदार हो या फिर 'जमाई राजा' जैसी सीरीज, अपरा ने हर रूप में दर्शकों को प्रभावित किया है। 

 

हालांकि, पर्दे पर हमेशा मुस्कुराती नजर आने वाली अपरा की निजी जिंदगी में एक ऐसा मोड़ आया जिसने उनके शादीशुदा जीवन को पूरी तरह बदलकर रख दिया। अपरा को पर्सनल लाइफ में काफी दुखों का सामना करना पड़ा है। 


ALSO READ: आधी रात सलमान खान का धमाकेदार पोस्ट, रिप्ड बॉडी दिखाकर ट्रोल्स को दिया करारा जवाब
 

हाल ही में हॉटरफ्लाई को दिए इंटरव्यू में दिग्गज अभिनेत्री अपरा मेहता ने वरिष्ठ अभिनेता और अपने पति दर्शन जरीवाला के साथ अपने टूटते रिश्ते और दो दशकों से अलग रहने की दर्दभरी दास्तान साझा की है। अपरा मेहता ने उस पल को याद करते हुए बताया कि जब यह घटना घटी, तब वह अपने काम के सिलसिले में यूएसए में थीं। उसी दिन उनकी और दर्शन जरीवाला की वेडिंग एनिवर्सरी थी।  

 

अपरा ने कहा, मैं अमेरिका में थी और हमारी एनिवर्सरी का दिन था। मैंने दर्शन को फोन किया, लेकिन उन्होंने बड़े अजीब लहजे में कहा कि 'हमें बहुत जरूरी बात करनी है'। उस वक्त मैं समझ ही नहीं पाई कि आखिर वो किस बारे में बात करना चाहते हैं।

 

उन्होंने कहा, मैं अपना शो खत्म करने के बाद वापस भारत लौट आई। मैं तड़के 3 बजे फ्लाइट से उतरी, पांच बजे घर पहुंची और फिर 7 बजे टीवी शो की शिफ्ट थी। घर पहुंचते ही दर्शन जरीवाला सुबह की चाय का कप हाथ में थामे झूले पर बैठे हुए थे। मेरे पहुंचने पर उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि अपरा मुझे लगता है कि अब हमें अलग हो जाना चाहिए क्योंकि अब मेरे मन में तुम्हारे लिए प्यार खत्म हो चुका है। मैं तुम्हें अब और पसंद नहीं करता और तुम मेरी जिंदगी की सबसे बदसूरत औरत हो। 

 

थकावट, शूटिंग और वो कड़वा सच

पति के इन तीखे और अप्रत्याशित शब्दों को सुनने के बाद भी अपरा के पास उस वक्त प्रतिक्रिया देने का समय नहीं था। उन्हें सुबह 7 बजे सेट पर पहुंचना था, जहां उन्हें तीन बेहद महत्वपूर्ण और लंबे सीन्स शूट करने थे। अपरा बताती हैं कि लगातार सफर और नींद पूरी न होने की वजह से टेक के बीच-बीच में उन्हें झपकी आ रही थी। दोपहर के समय जब उनका दिमाग थोड़ा शांत हुआ और थकावट कम हुई, तब उनके मन में सवाल कौंधा—"दर्शन ने सुबह मुझसे क्या कहा था? क्या उनका वाकई यही मतलब था?"  


बॉलीवुड की अन्य लेटेस्ट खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
 

बिना तलाक के 23 साल से अलग

इसके कुछ समय बाद ही दर्शन जरीवाला ने घर छोड़ दिया। साल 2003-2004 के आसपास दोनों एक-दूसरे से अलग हो गए। हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि दो दशक से भी ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी दोनों ने कभी कानूनी रूप से तलाक नहीं लिया। आज भी दोनों के बीच एक बेहद सम्मानजनक और सौहार्दपूर्ण रिश्ता है। अपरा का कहना है कि उनके घर के दरवाजे दर्शन के लिए हमेशा खुले हैं।  

 

दो बार शादी और एक बेटी  

अपरा मेहता और दर्शन जरीवाला के रिश्ते की शुरुआत काफी अलग अंदाज में हुई थी। दोनों ने सबसे पहले 1980 में शादी की थी और उसके बाद 1981 में परिवार की मौजूदगी में पूरे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दोबारा विवाह रचाया था। दोनों की एक बेटी भी है, जिसका नाम खुशहाली है।

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.