India vs Zimbabwe 2nd T20 : भारत ने जिम्बाब्वे को दूसरे टी20 में भी दी शिकस्त, सीरीज में 2-0 से बनाई अजेय बढ़त
Newsroompost-Hindi July 27, 2026 05:45 AM

नई दिल्ली। भारत और जिम्बाब्वे के बीच आज टी20 सीरीज का दूसरा मैच हरारे में खेला गया जिसमें टीम इंडिया ने आसान जीत दर्ज करते हुए मेजबान जिम्बाब्वे को 90 रनों से शिकस्त दे दी। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है। जिम्बाब्वे की टीम ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 219 रनों का स्कोर बनाया। 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 17.5 ओवर में सिर्फ 129 रनों पर ऑलआउट हो गई।

भारत की ओर से ईशान किशन ने 44 गेंदों में शानदार 81 रनों की जबर्दस्त पारी खेली। वहीं तिलक वर्मा ने भी उनका साथ देते हुए 29 गेंदों में 60 रन बनाए। वर्मा  आखिरी तक मैदान पर डटे रहे और नाबाद पवेलियन लौटै। पहले मैच में धुआंधार अर्धशतक लगाने वाले वैभव सूर्यवंशी हालांकि आज लंबी पारी खेलने से चूक गए। वैभव ने 9 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 20 गेंदों में 25 बनाकर आउट हुए। ओपनर अभिषेक शर्मा का बल्ला आज के मैच में भी नहीं चला और वो सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि अभिषेक शर्मा को आज गेंदबाजी करने का भी मौका मिला है और उन्होंने 2 विकेट चटकाए टीम की जीत में योगदान दिया।

भारत की ओर तेज गेंदबाज यश ठाकुर को आज डेब्यू करने का मौका मिला। उन्होंने अपने पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में 2 विकेट हासिल किए। जिम्बाब्वे की तरफ से ब्रायन बेनेट ने सर्वाधिक 32 रनों की पारी खेली। जिम्बाब्वे के कप्तान और स्टार ऑलराउंडर सिकंदर रजा बिना रन बनाए आउट हो गए। प्रिंस यादव ने उनका विकेट लिया। हालात यह थे कि जिम्बाब्वे की आधी टीम 9वें ओवर में ही पवेलियन लौट गई। दोनों टीमों के बीच सीरीज का अंतिम मुकाबला कल यानी रविवार 26 जुलाई को खेला जाएगा।

The post India vs Zimbabwe 2nd T20 : भारत ने जिम्बाब्वे को दूसरे टी20 में भी दी शिकस्त, सीरीज में 2-0 से बनाई अजेय बढ़त appeared first on News Room Post.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.