Ohh My Dog Postponed: 'स्पाइडर मैन' से डरे पंकज त्रिपाठी? रिलीज से 3 दिन पहले पोस्टपोन हुई 'ओह माय डॉग'
TV9 Bharatvarsh July 27, 2026 04:43 PM

Pankaj Tripathi Ohh My Dog Postponed: पंकज त्रिपाठी आखिरी बार ‘मेट्रो इन दिनों’ में दिखाई दिए थे, जिसके बाद ऑडियंस को उनकी अगली फिल्मों का बेसब्री से इंतजार है. पंकज त्रिपाठी अब फैमिली ड्रामा फिल्म ‘ओह माय डॉग’ लेकर आ रहे हैं. लेकिन इसकी रिलीज ऐन वक्त पर टाल दी गई है. अमित राय के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म पहले 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी. लेकिन अब इसे एक हफ्ते के लिए पोस्टपोन कर दिया गया है. खबर है कि फिल्म अब 7 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. इसकी वजह हॉलीवुड फिल्म ‘स्पाइडर मैन’ को बताया जा रहा है.

पंकज त्रिपाठी की अपकमिंग फिल्म ‘ओह माय डॉग’ का इंतजार कर रहे फैंस को बड़ा झटका लगा है. रिलीज से महज तीन दिन पहले मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ाने का फैसला कर लिया. फिल्म के प्रवक्ताओं ने सोमवार सुबह इस बारे में जानकारी दी. मुंबई में फिल्म का एक प्रेश शो होने वाला था, जिसके कुछ घंटे पहले ही मेकर्स ने इसकी नई रिलीज डेट का ऐलान किया.

ओह माय डॉग क्यों पोस्टपोन हुई?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की रिलीज टालने की बड़ी वजह मार्वल स्टूडियोज की ‘स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे’ को माना जा रहा है. ट्रेड से जुड़े सोर्स का कहना है कि टॉम हॉलैंड और जेंडाया स्टारर इस फिल्म को लेकर दुनियाभर में जबरदस्त क्रेज है. ऐसे में मल्टीप्लेक्स चेन इस हॉलीवुड फिल्म को ज्यादा स्क्रीन देने की तैयारी में हैं, जिसकी वजह से ‘ओह माय डॉग’ को जरूरी स्क्रीन मिलने में दिक्कत आ रही थी.

यह भी पढ़ें – अब बड़े पर्दे पर आ रहे कालीन भैया, मिर्जापुर सीरीज के लिए कितनी फीस वसूली थी?

अब 7 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म

बताया जा रहा है कि ‘ओह माय डॉग’ मेकर्स नहीं चाहते थे कि स्क्रीन की कमी की वजह से फिल्म की ओपनिंग पर असर पड़े. इसी कारण उन्होंने रिलीज डेट एक हफ्ते आगे बढ़ाने का फैसला लिया, ताकि फिल्म को बेहतर स्क्रीन काउंट और मजबूत थिएट्रिकल रिलीज मिल सके. ऐसे में ‘स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे’ के चलते स्क्रीन की कमी होने की वजह से मेकर्स ने फिल्म की रिलीज 31 जुलाई से बढ़ाकर 7 अगस्त कर दी है.

CBFC से मिला U/A सर्टिफिकेट

रिलीज टलने से कुछ दिन पहले ही फिल्म ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली थी. सेंसर बोर्ड ने फिल्म को U/A सर्टिफिकेट दिया है, लेकिन इसके साथ कुछ बदलाव करने के निर्देश भी दिए. सीबीएफसी ने फिल्म में ‘Truecaller’ और ‘Dettol’ जैसे ब्रांड्स के नाम म्यूट करने को कहा. इसके अलावा एक गाली वाले शब्द को भी हटाने के निर्देश दिए गए. फिल्म में कुत्ते से जुड़ा एक सीन करीब दो सेकंड छोटा किया गया है, जबकि एक सीन में दिखाई देने वाले भगवान हनुमान की फोटो वाले फ्रेम को ब्लर करने के लिए कहा गया है. इतना ही नहीं, बोर्ड ने मेकर्स को फिल्म में दो डिस्क्लेमर जोड़ने का निर्देश भी दिया है. पहला डिस्क्लेमर बाल श्रम (Child Labour) से जुड़ा होगा, क्योंकि ये फिल्म की कहानी का हिस्सा है. वहीं, दूसरा मानव तस्करी (Human Trafficking) को लेकर होगा.

ओह माय डॉग कास्ट

‘ओह माय डॉग’ से अमित राय ने अपने डायरेक्शन करियर में वापसी की है. इसमें पंकज त्रिपाठी के अलावा पवन मल्होत्रा, माही राय, राजेश कुमार और गीता अग्रवाल शर्मा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म की सबसे खास बात है कि इसमें ऑस्कर और ब्रूनो नाम के प्रशिक्षित डॉग्स समेत 250 से ज्यादा कुत्तों की कहानी को दिखाया गया है. अब फिल्म की रिलीज भले ही एक हफ्ते के लिए टल गई हो, लेकिन माना जा रहा है कि इस फैसले से ‘ओह माय डॉग’ को बॉक्स ऑफिस पर बेहतर मौका मिलेगा और यह साल की सबसे बड़ी हॉलीवुड रिलीज में से एक ‘स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे’ के सीधे मुकाबले से भी बच जाएगी.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.