देशभर में 5 साल में बंद हुए 17141 सरकारी स्कूल, उत्तर प्रदेश में 79 नए शुरू हुए… सरकार ने संसद में दी जानकारी
TV9 Bharatvarsh July 27, 2026 09:43 PM

देशभर में लंबे समय से स्कूलों के एकीकरण का मुद्दा चर्चा में है. कम स्टूडेंट्स संख्या वाले स्कूलों का दूसरे स्कूलों के साथ विलय को लेकर माहौल गरमाता रहा है. इसको लेकर पिछले साल में यूपी में बड़ा घमासान देखने को मिला था. तो वहीं कई राज्यों में सरकारी स्कूलों की बंदी राष्ट्रीय चर्चा का विषय बनी थी. इसको लेकर केंद्र सरकार ने संसद के मॉनसून सीजन में जानकारी साझा की है. केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की तरफ से संसद में साझा की गई जानकारी के अनुसार पिछले 5 सालों में देशभर में 17141 सरकारी स्कूल बंद हुए हैं. वहीं इसके उलट इन 5 सालों में यूपी में 79 नए स्कूल खुले हैं.

आइए, पूरा मामला विस्तार से जानते हैं. जानते हैं कि देशभर के सरकारी स्कूलाें की संख्या और स्थिति को लेकर किसने सरकार से जानकारी मांगी थी. जानेंगे कि इस संबंध में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने क्या जानकारी दी है.

सपा सांसद आनंद भदौरिया ने मांगी थी जानकारी

यूपी समेत देशभर में सरकारी स्कूलों की बंदी को लेकर सपा सांसद आनंद भदौरिया ने जानकारी मांगी थी. उन्होंने पिछले 5 साल में बंद हुए सरकारी स्कूलों का देश और यूपी के जिलेवार डेटा मांगा था, जिसका जवाब केंद्रीय शिक्षा राज्य मंंत्री जयंत चौधरी ने दिया है.

राज्यों के पास स्कूलों के विलय करने का अधिकार

सपा सांसदों के सवालों का जवाब देते हुए केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि स्कूलाें का विलय करना या उन्हें बंद करना संबंधित राज्य सरकार और केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में आता है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 इस बात पर जोर देती है स्कूलों का एकीकरण (consolidation) एक विकल्प है, जिसे बहुत सोच-समझकर किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि स्कूलों का विलय केवल तभी किया जाना चाहिए, जब पहुंच (access) पर कोई असर न पड़े. उन्होंने कहा कि स्कूल कॉम्प्लेक्स/क्लस्टर का उद्देश्य क्लस्टर में स्कूलों के बेहतर संसाधन दक्षता और अधिक प्रभावी कामकाज, समन्वय, नेतृत्व, शासन और प्रबंधन सुनिश्चित करना है.

5 साल में बंद हुए 17 हजार से अधिक सरकारी स्कूल

केंद्रीय शिक्षा मंत्री जयंत चौधरी ने देश के अंदर 5 सालों में बंद हुए सरकारी स्कूलों की जानकारी देने के लिएयूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट इंफॉर्मेशन सिस्टम फॉर एजुकेशन प्लस (UDISE+) रिपोर्ट के आंकड़े साझा किए हैं. रिपोर्ट के अनुसार 5 सालों में देश के अंदर 17 हजार से अधिक सरकारी स्कूल बंद हुए हैं, जबकि इन 5 सालों में यूपी के अंदर 79 स्कूल शुरू हुए हैं. आइए जानते हैं कि किस राज्य में कितने सरकारी स्कूल हैं.

राज्य का नाम 2021-22 में स्कूलों की संख्या 2025-26 में स्कूलों की संख्या
अंडमान निकोबार 342 335
आंध्र प्रदेश 45137 44222
अरुणाचल प्रदेश 2985 2468
असम 45490 44550
बिहार 75558 76435
चंडीगढ़ 123 116
छत्तीसगढ़ 48743 48853
दादर नगर हवेली एंड दमन दीव 388 353
दिल्ली 2762 2688
गोवा 814 771
गुजरात 34699 34734
हरियाणा 14562 14338
हिमाचल प्रदेश 15380 14460
जम्मू एंड कश्मीर 23173 18787
झारखंड 35480 35819
कर्नाटक 49679 48527
केरलम 5010 4809
लद्दाख 838 733
लक्षदीप 38 34
मध्य प्रदेश 92695 91199
महाराष्ट्र 65639 64571
मणिपुर 2889 2934
मेघालय 7783 5620
मिजोरम 2563 2613
नागालैंड 1960 1902
ओडिशा 49072 48603
पुदुचेरी 422 419
पंजाब 19259 19241
राजस्थान 68948 68883
सिक्किम 864 829
तमिलनाडु 37636 37539
तेलांगाना 30023 28088
त्रिपुरा 4262 4144
उत्तर प्रदेश 13702 137103
उत्तराखंड 16484 15834
पश्चिम बंगाल 83302 81591

यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में नए स्कूल शुरू हुए

देशभर में 5 सालों में जहां 17 हजार से अधिक सरकारी स्कूल बंद हुए हैं. तो वहीं यूपी, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ में नए सरकारी स्कूल भी इन 5 सालों में शुरू हुए हैं. वहीं जम्मू एंड कश्मीर में सबसे अधिक स्कूल इन 5 सालों में बंद हुए हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.