24 और फिर 32 टीम… अब बदलेगा टी20 वर्ल्ड कप का रोमांच, ICC का मास्टरप्लान
TV9 Bharatvarsh July 28, 2026 01:42 AM

ICC T20 World Cup Expansion: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) क्रिकेट को सही मायने में एक ग्लोबल खेल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2024 और 2026 के टी20 वर्ल्ड कप में 20 टीमों के सफल आयोजन के बाद, अब आईसीसी इस टूर्नामेंट को 24 टीमों तक और फिर 32 देशों तक बढ़ाई की योजना पर विचार कर रही है. यह बदलाव 2030 या 2032 के एडिशन से लागू हो सकता है.

24 टीमों के साथ कैसा होगा नया फॉर्मेट?

2026 टी20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे की ओर से ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को हराने, नेपाल, इटली जैसी एसोसिएट टीमों की ओर से इंग्लैंड को कड़ी टक्कर देने के बाद उभरते देशों को ज्यादा मौके देने की मांग मजबूत हुई है. ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में आयोजित होने वाले 2028 टी20 वर्ल्ड कप के फॉर्मेट को इस विस्तार की पहली सीढ़ी माना जा रहा है. अगर, आने वाले एडिशन में 24 टीमें हिस्सा लेती हैं तो टूर्नामेंट का फॉर्मेट भी काफी रोमांचक हो जाएगा.

सबसे पहले 4-4 टीमों के 6 ग्रुप बनाए जाएंगे. फिर हर ग्रुप से टॉप 2-2 टीमें आगे बढ़ते हुए सुपर-12 राउंड में एंट्री करेंगी. इसके बाद बेस्ट टीमें नॉकआउट और फाइनल तक का सफर तय करेंगी. यह स्ट्रक्चर छोटे देशों को बड़ा मंच देगी.

किन देशों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा?

मौजूदा टी20 रैंकिंग के आधार पर टीमों की संख्या 20 से बढ़ाकर 24 किए जाने पर युगांडा, पापुआ न्यू गिनी, इटली और हांगकांग को सीधा फायदा मिलेगा. इसके अलावा अमेरिका, कनाडा, नेपाल, नाइजीरिया और जर्मनी जैसे उभरते हुए क्रिकेटिंग नेशन के लिए भी संभावनाएं काफी बढ़ जाएंगी.

हाल ही में आईसीसी की ओर से 2027 वनडे वर्ल्ड कप के मेन इवेंट में टीमों की संख्या 14 से घटाकर 12 करने के फैसले की एसोसिएट देशों और वर्ल्ड क्रिकेटर्स एसोसिएशन (WCA) ने तीखी आलोचना की थी. हालांकि, टी20 फॉर्मेट में विस्तार की इस नई योजना और 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में क्रिकेट की 128 साल बाद वापसी से एसोसिएट देशों में एक बार फिर उम्मीद की नई किरण जागी है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.