IMD Weather Updates: दिल्ली में आज लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है. मौसम विभाग ने आज और कल बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. IMD ने कहा है कि देश के कई हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने वाला है. उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास बना गहरा दबाव धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. इसके प्रभाव के देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. आइए जानते हैं आज उत्तराखंड, हिमाचल, यूपी और बिहार समेत देश के अन्य राज्यों में मौसम कैसा रहेगा.
18 राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्टमौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 28 से 31 जुलाई के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी राजस्थान में भी 28 जुलाई से 2 अगस्त तक तेज बारिश का दौर रहने की संभावना है.
IMD के अनुसार आज ओडिशा और छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है. वहीं झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग ने बताया कि ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में समुद्र भी उफान पर रहेगा. ऐसे में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है.
उत्तराखंड समेत 4 राज्यों में बाढ़ का खतराIMD ने उत्तराखंड के कई जिलों देहरादून, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में अगले 24 घंटे के दौरान अचानक बाढ़ का खतरा जताया है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों में भी अचानक बाढ़ आने का अनुमान है. वहीं ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भी निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है.
IMD ने जारी की एडवाइजरीमौसम विभाग ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचने, यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी देखने और कमजोर इमारतों में नहीं रहने की अपील की है. किसानों को खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने, फिलहाल उर्वरक और कीटनाशक के छिड़काव को टालने और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है.