राजस्थान में 24752 सफाई कर्मचारी पदों पर निकली भर्ती, अनपढ़ भी कर सकेंगे आवेदन
TV9 Bharatvarsh July 28, 2026 03:43 PM

राजस्थान सरकार ने प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए सफाई कर्मचारी भर्ती 2026 का बड़ा अवसर घोषित किया है. राज्य के 183 नगरीय निकायों में कुल 24,752 सफाई कर्मचारियों की संविदा भर्ती की जाएगी. इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि इसमें किसी तरह की लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं होगा. योग्य अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा. आवेदन का प्रोसेस 15 अगस्त 2026 से शुरू होगी और 28 सितंबर 2026 तक चलेगा. इच्छुक उम्मीदवार एसएसओ आईडी या स्वायत्त शासन निदेशालय की वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकेंगे. आवेदन के समय लाइव फोटो अपलोड करना अनिवार्य रहेगा.

आवेदन एसएसओ आईडी या स्वायत्त शासन निदेशालय के पोर्टल के माध्यम से होंगे. अभ्यर्थी केवल एक ही नगरीय निकाय के लिए आवेदन कर सकेंगे. अगर कोई उम्मीदवार एक से ज्यादा निकायों में आवेदन करता है तो उसके सभी आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे. भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों को पांच वर्ष तक संतोषजनक सेवा देने के बाद नियमानुसार स्थायी किए जाने का प्रावधान भी रखा गया है.

क्वालिफिकेशन क्या है?

इस भर्ती के लिए 1 जनवरी 2027 के अनुसार अभ्यर्थी की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए. आरक्षित वर्ग और महिला उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम एज लिमिट में छूट मिलेगी. भर्ती के लिए कोई न्यूनतम एजुकेशनल क्वालिफिकेशन तय नहीं की गई है, इसलिए अनपढ़ व्यक्ति भी आवेदन कर सकता है. हालांकि उम्मीदवार का राजस्थान का मूल निवासी होना और सफाई कार्य का कम से कम एक वर्ष का अनुभव होना जरूरी है. अनुभव प्रमाण-पत्र 1 अगस्त 2026 के बाद जारी और सक्षम अधिकारी से वेरिफाइड होना चाहिए.

बिना परीक्षा के होगा चयन

भर्ती में किसी प्रकार की लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं होगा. डॉक्यूमेंट्स की जांच के बाद सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के सॉफ्टवेयर से ऑनलाइन लॉटरी के जरिए चयन किया जाएगा. स्थानीय अनुभवी अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी. सामान्य वर्ग के लिए आवेदन की फीस 600 रुपये और आरक्षित वर्ग और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 400 रुपये रखी गई है.

कितनी मिलेगी सैलरी?

चयनित अभ्यर्थियों को संविदा अवधि में 7,410 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा. भर्ती में महिलाओं को 30 प्रतिशत, दिव्यांगों को 4 प्रतिशत और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 2 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ भी दिया जाएगा. जयपुर में सबसे ज्यादा 4,811 पद हैं, जबकि कोटा, बीकानेर, जोधपुर, सीकर, भरतपुर और अजमेर सहित कई शहरों में भी बड़ी संख्या में रिक्तियां निकाली गई हैं.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.