Lock Upp 2: 9 साल की उम्र में करीबी ने की गंदी हरकत… हर्षद चोपड़ा ने बयां किया बचपन का दर्द, गे पुरुषों से डरने की बताई वजह
TV9 Bharatvarsh July 29, 2026 11:42 AM

Lock Upp 2: रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ में सितारे अपनी जिंदगी के ऐसे-ऐसे काले पन्नों को पलट रहे हैं, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया है. राम कपूर और शिवांगी जोशी ही नहीं शो के लेटेस्ट एपिसोड में टीवी इंडस्ट्री के बड़े स्टार हर्षद चोपड़ा ने भी अपने बचपन में हुए यौन शोषण का बेहद दर्दनाक सच बयां किया है. हर्षद चोपड़ा ने खुलासा किया कि जब वो महज 9-10 साल के थे, तब एक बेहद भरोसेमंद शख्स ने उनके साथ घिनौनी हरकत की थी. ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ फेम एक्टर ने ये भी साफ किया कि इसी बचपन के ट्रॉमा की वजह से वो समलैंगिक (गे) पुरुषों से डरने लगे थे, हालांकि वो इस समुदाय से नफरत नहीं करते.

हर्षद चोपड़ा ने शो में उस पुरानी घटना को याद करते हुए बताया कि जब वो छोटे थे, तब उनके माता-पिता उन्हें एक ऐसे शख्स के पास छोड़ गए थे, जिस पर उनका परिवार और पूरा समाज आंख मूंदकर भरोसा करता था. हर्षद ने बताया, “मैं बचपन में बहुत डरा-सहमा सा बच्चा था. रात को वो आदमी मेरे साथ गंदी हरकतें करता था. मैं कपड़े पहने हुआ होता था, लेकिन वह मेरे ऊपर आकर ऐसी हरकत करता था. मैं डर के मारे सोने का नाटक करता रहता था. मैंने ये बात कभी किसी को नहीं बताई क्योंकि मुझे उस समय समझ ही नहीं आया था कि मेरे साथ क्या हुआ है.”

बालकनी में ले जाकर दोबारा की कोशिश

हर्षद ने आगे बताया कि उस शख्स ने एक बार फिर उनके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की थी. वो कुछ दिखाने के बहाने हर्षद को बालकनी में ले गया, उन्हें गोद में उठाया और गंदी हरकत करने लगा. हर्षद ने कहा कि वो उस वक्त इतने डरे हुए थे कि कोई सवाल तक नहीं उठा पाए. हर्षद ने दुखी होकर कहा कि उनके साथ गलत हरकत करने वाला इंसान आज भी समाज में मजे से घूम रहा है और वो आज तक उस दर्द को अपने अंदर समेटे हुए हैं.

माता-पिता को दी खास सलाह

अपने इस कड़वे अनुभव को शेयर करने के साथ ही हर्षद चोपड़ा ने सभी माता-पिता से एक बेहद खास अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी पेरेंट को अपने बच्चों को किसी भी तीसरे इंसान के पास अकेला नहीं छोड़ना चाहिए, चाहे वह कितना भी भरोसेमंद क्यों न हो. उन्होंने कहा कि माता-पिता को अपने बच्चों के साथ ऐसा दोस्ताना माहौल बनाना चाहिए कि बच्चे अपने साथ हुई किसी भी गलत हरकत को बिना झिझक शेयर कर सकें.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.