Guru Purnima 2026: गुरु पूर्णिमा पर गुरु को क्या दें? इन चीजों को माना जाता है सबसे शुभ
TV9 Bharatvarsh July 29, 2026 11:42 AM

Guru Purnima 2026: आज, 29 जुलाई 2026 को देशभर में गुरु पूर्णिमा का पावन बहुत ही श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. आषाढ़ मास की पूर्णिमा को पड़ने वाला यह दिन महर्षि वेदव्यास की जयंती के रूप में मनाया जाता है. सनातन परंपरा में गुरु को ईश्वर से भी ऊंचा दर्जा दिया गया है, क्योंकि गुरु ही वह मार्गदर्शक हैं जो मनुष्य को अज्ञानता के अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं. गुरु पूर्णिमा के इस खास मौके पर शिष्य अपने गुरुओं का पूजन करते हैं, उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लेते हैं और अपनी श्रद्धा अनुसार उन्हें गुरु दक्षिणा या उपहार देते हैं. लेकिन कई बार शिष्यों के मन में यह सवाल उठता है किगुरु पूर्णिमापर गुरु जी को क्या उपहार दें. अगर आप भी अपने गुरुदेव के लिए कोई खास उपहार चुनने की सोच रहे हैं, तो धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इन चीजों को भेंट करना सबसे शुभ और फलदायी माना जाता है.

गुरु को कपड़े देना माना जाता है शुभ

गुरु पूर्णिमा के दिन गुरु को कपड़े भेंट करना शुभ माना जाता है. आप अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार धोती-कुर्ता, कुर्ता-पायजामा, साड़ी या कोई अन्य उपयोगी वस्त्र दे सकते हैं. अगर आपके गुरु किसी खास तरह के वस्त्र पहनते हैं, तो उनकी पसंद को ध्यान में रखकर उपहार देना और भी अच्छा हो सकता है.

गुरु को किताब या धार्मिक ग्रंथ दे सकते हैं

गुरु को ज्ञान का मार्ग दिखाने वाला माना जाता है. ऐसे में गुरु पूर्णिमा पर किताब या धार्मिक ग्रंथ भेंट करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है. आप अपने गुरु की रुचि के अनुसार श्रीमद्भगवद्गीता, रामचरितमानस, उपनिषद या कोई अन्य आध्यात्मिक और ज्ञानवर्धक पुस्तक दे सकते हैं. अगर आपके गुरु किसी विशेष विषय में रुचि रखते हैं, तो उसी विषय से जुड़ी कोई अच्छी किताब भी उन्हें दी जा सकती है.

फल और मिठाई से करें गुरु का सम्मान

गुरु पूर्णिमा पर गुरु को फल और मिठाई भेंट करने की भी परंपरा रही है. आप मौसमी फलों की टोकरी या अपनी क्षमता के अनुसार मिठाई लेकर गुरु के पास जा सकते हैं. इसके साथ गुरु के चरण स्पर्श करके उनका आशीर्वाद लेना इस दिन को और खास बना देता है. धार्मिक मान्यताओं में पूजा और शुभ अवसरों पर फल और मिठाई को शुभ माना जाता है. इसलिए गुरु पूर्णिमा पर इसे गुरु दक्षिणा या सम्मान के रूप में भेंट किया जा सकता है.

गुरु को पीले रंग की चीजें देना माना जाता है शुभ

ज्योतिष और धार्मिक मान्यताओं में पीले रंग को गुरु ग्रह से जोड़कर देखा जाता है. इसलिए गुरु पूर्णिमा के दिन पीले रंग के वस्त्र, पीले फल या अन्य पीली चीजें गुरु को भेंट करने की परंपरा कुछ स्थानों पर देखने को मिलती है. आप अपनी श्रद्धा के अनुसार पीले वस्त्र, केले, बेसन से बनी मिठाई या अन्य उपयोगी चीजें भेंट कर सकते हैं.

गुरु को कलम और डायरी भी दे सकते हैं

अगर आपके गुरु शिक्षक हैं या उन्हें लिखने-पढ़ने का शौक है, तो आप उन्हें एक अच्छी कलम और डायरी भेंट कर सकते हैं. यह एक उपयोगी और सम्मानजनक उपहार हो सकता है. खासकर किसी शिक्षक को यह उपहार देना उनके ज्ञान और शिक्षा के प्रति सम्मान जताने का एक अच्छा तरीका माना जाता है.

गुरु को सबसे बड़ा उपहार है सम्मान

गुरु पूर्णिमा पर गुरु को सबसे बड़ा उपहार आपका सम्मान और आभार माना जा सकता है. इस दिन गुरु के चरण स्पर्श करके उनका आशीर्वाद लेना, उनकी बातों को ध्यान से सुनना और उनके बताए अच्छे रास्ते पर चलने का संकल्प लेना किसी भी उपहार से ज्यादा महत्वपूर्ण हो सकता है. गुरु को उपहार देते समय यह भावना होनी चाहिए कि उन्होंने हमारे जीवन में ज्ञान और सही दिशा देने का काम किया है. क्योंकि गुरु के प्रति मन में सच्चा सम्मान रखना और उनके अच्छे विचारों को अपने जीवन में उतारना ही गुरु पूर्णिमा की असली भावना है.

ये भी पढ़ें: आज मनाई जा रही है गुरु पूर्णिमा, गुरु का आशीर्वाद पाने के लिए करें ये 5 काम

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इसकी पुष्टि नहीं करता है.

© Copyright @2026 LIDEA. All Rights Reserved.